पुणे से 807 मजदूर श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आये ग्वालियर
ग्वालियर। दूसरे राज्यों में फसे मध्य प्रदेश के मजदूरों को श्रमिक स्पेशल ट्रेन से ग्वालियर भेजे जाने का सिलसिला जारी है। आज महाराष्ट्र के पुणे से मजदूरों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन ग्वालियर रेल्वे स्टेशन पहुची। जहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें गृहनगर के लिए विशेष बसों से रवाना किया गया। इस दौरान कोई भी मजदूर गंभीर रूप से बीमार नहीं मिला है। बसों में बिठाने के बाद मजदूरों को खाने के पैकेट भी मुहैया कराए गए हैं। ग्वालियर में यह तीसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन आई है। इसके अलावा शाम को एक स्पेशल ट्रेन केरल से यहां पहुंचने वाली है उसमें भी बड़ी संख्या में आने की संभावना है। खास बात यह है कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन में ग्वालियर चंबल अंचल के अलावा उमरिया, शहडोल, आगरा के मजदूर भी सवार होकर पहुंचे हैं। अपर कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह का कहना है कि पुणे से तकरीबन 800 मजदूर ग्वालियर पहुचे हैं। स्टेशन पर आठ चिकित्सकों का एक दल तैनात है जो इनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रहा है। परीक्षण में स्वस्थ्य मिले मजदूरों को उनके घर भेजा जाएगा। एआरटीओ रिंकू शर्मा के मुताबिक कुल 807 मजदूर ग्वालियर आये हैं जिन्हें 27 बसों की सहायता से उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल सभी श्रमिकों को बसों से रवाना किया जा रहा है उन श्रमिकों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल है। श्रमिक स्पेशल ट्रेन में भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के मजदूर भी ग्वालियर आए हैं। जिन्हें अलग बस की सहायता से रवाना किये जाने की व्यवस्था की जा रही है।