सरकारी जमीन पर निर्माण के मामले में शासन, नगर निगम, टीएनसीपी को 3 सप्ताह में जवाब देने के आदेश, तीनों को बताना होगा कि नहर एवं तालाब की जमीन पर निर्माण से पर्यावरण पर क्या पड़ेगा प्रभाव

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। बंधन वाटिका के पास महलगांव के सर्वे क्रमांक 1211 एवं 1212 की जमीन पर किए गए निर्माण से पर्यावरण पर क्या प्रभाव पड़ेगा इस संबंध में नगर निगम राज्य शासन एवं टाउन एंड कंट्री प्लानिंग को 3 सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश उच्च न्यायालय ने दिए हैं। न्यायमूर्ति श्री शील नागू एवं श्री राजीव कुमार श्रीवास्तव की युगल पीठ ने उपेंद्र चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत जनहित याचिका पर यह निर्देश दिए हैं। एडवोकेट श्री सीपी सिंह के माध्यम से चतुर्वेदी द्वारा प्रस्तुत याचिका में कहा गया कि दोनों सर्वे क्रमांक की जमीन शासकीय है। इस जमीन पर तालाब एवं नहर बनी हुई थी जो कि पर्यावरणीय संतुलन का काम करती थीं। याचिका में कहा गया है कि सिंधिया परिवार के ट्रस्ट ने इस जमीन को बेच दिया जिस पर निर्माण कार्य चल रहा है। याचिका में तालाब की जमीन एवं नहर की जमीन से अतिक्रमण को हटाए जाने के लिए दिशा निर्देश दिए जाने की मांग को लेकर यह याचिका प्रस्तुत की गई है । इस मामले में जवाब पेश नहीं करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उनकी मां माधवी राजे सिंधिया, बहन चित्रांगदा राजे और कमला राजे चेरिटेबल ट्रस्ट पर 10 हजार रुपए का हर्जाना लगाया गया था। सरकारी जमीन को खुर्द-बुर्द करने के मामले में सिंधिया, उनकी मां व बहन को भी पक्षकार बनाया गया है। 2014 में यह याचिका दायर की गई है। जिस जमीन को लेकर याचिका दायर की गई है वर्तमान में वहां एक मैरिज गार्डन और बहुमंजिला इमारत है। न्यायालय ने पूछा है कि जमीन के उपयोग मैं परिवर्तन से पर्यावरण पर क्या प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है एवं इस जमीन को लेकर क्या योजना थी इस संबंध में संबंधित पक्षों को अपने जवाब में जानकारी देना है। याचिका में इस जमीन के संबंध में यह बताया गया है कि सरकारी दस्तावेजों में यह जमीन सरकारी दर्ज है।