हाई कोर्ट और निचली अदालत के ग्रीष्म अवकाश निरस्त
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। उच्च न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालयों के ग्रीष्मावकाश निरस्त कर दिए गए हैं। कोरोना महामारी के कारण देशव्यापी लोक डाउन के चलते हुए कार्य दिवस के नुकसान के कारण यह फैसला किया गया है। उच्च न्यायालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल श्री राजेंद्र कुमार वाणी के नाम से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उच्च न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालयों में 18 मई 2020 से 12 जून 2020 तक ग्रीष्मावकाश को कार्य दिवस घोषित किया गया है। संपूर्ण लोक डाउन के कारण न्यायालयों में हुए कार्य दिवस के नुकसान को देखते हुए किए गए इस निर्णय से पक्षकारों को लाभ होगा। लोक डाउन के कारण न्यायालयों में केवल अत्यावश्यक प्रकरणों की ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई चल रही है। हाईकोर्ट में प्रतिदिन कुछ ही मामलों में सुनवाई हो पा रही है। इसी प्रकार अधीनस्थ न्यायालयों में भी बहुत कम मामले सुनवाई में आ रहे थे। उच्च न्यायालय ने हाल ही में अधीनस्थ न्यायालयों में अत्यावश्यक प्रकरणों के अलावा अन्य प्रकरणों की सुनवाई किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही न्यायालयों का समय निर्धारित कर दिया है।