हाईकोर्ट ने लोक डाउन 3 के लिए निचली अदालतों के कामकाज का समय तय किया, अदालतों में 11 से 2:00 तक होगा काम
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर । वैश्विक महामारी कोरोना के चलते अदालतों में भीड़-भाड़ से बचने के लिए उच्च न्यायालय ने काम के घंटे तय कर दिए हैं। प्रदेश के सभी अधीनस्थ न्यायालयों में सुबह 11:00 बजे से 2:00 बजे तक प्रकरणों की सुनवाई होगी। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल श्री राजेंद्र कुमार वाणी ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए जारी की गई गाइडलाइन के तहत यह निर्णय लिया गया है। उच्च न्यायालय के आदेश अनुसार कार्यालय सुबह 10:30 बजे खुलेंगे एवं 2:00 बजे तक इनमें काम होगा। उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए जमानत आदेश एवं अन्य आदेशों के मामले में आदेशों की प्रतिलिपि ऑनलाइन या स्कैन की हुई प्रति मान्य की जाएगी। पक्षकारों को यह प्रतिलिपि सक्षम प्राधिकारी द्वारा हस्ताक्षरित ईमेल के माध्यम से ऑनलाइन भेजी जाएगी। जिला न्यायालय ने संबंधित पीठासीन अधिकारी भौतिक प्रतिलिपि प्राप्त किए बिना ऑनलाइन प्रतिलिपि पर कार्यवाही कर सकते हैं। जिला न्यायालय के विभाग जिनके कर्मचारियों का जनता से सीधा संपर्क होता है उनके कार्य बंद रहेंगे। प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर कर ई-मेल के जरिए प्रतिलिपि भेजी जाएगी। हाई कोर्ट द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों में पीठासीन अधिकारियों से कहा गया है कि वे अधिवक्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने प्रकरणों की सुनवाई करने के लिए उन्हें प्रेरित करें। अधिवक्ता अपने घर या दफ्तर से पैरवी कर सकते हैं।