महत्वपूर्ण ही नहीं फाईनल स्टेज वाले प्रकरणो की भी होगी सुनवाई, हाई कोर्ट ने निचली अदालतों के लिए जारी किए आदेश
वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र तलेगांवकर, ग्वालियर। हाईकोर्ट ने कोरोना महामारी के चलते लॉक डाउन 3 में प्रकरणों की सुनवाई को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब निचली अदालतों में महत्वपूर्ण प्रकरणों के अलावा ऐसे मामले जो फैसले के लिए लगाए गए हैं तथा जिन मामलों में अंतिम बहस बाकी है उनकी भी सुनवाई के निर्देश दिए हैं। उच्च न्यायालय की रजिस्ट्रार जनरल राजेंद्र कुमार वाणी ने उक्त दिशानिर्देश को लेकर एक सर्कुलर जारी किया है । नए दिशा निर्देशों के अनुसार अब महत्वपूर्ण प्रकरणों के अलावा रिमांड और बैल, सिविल अपील अपराधिक रिवीजन सहित अन्य मामले भी सुनवाई में लिए जाएंगे। हाईकोर्ट के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सुनवाई के दौरान न्यायालय में भीड़भाड़ ना हो, इसके लिए कर्मचारियों को शिफ्ट में बुलाया जा सकता है। यह आदेश भोपाल, उज्जैन, इंदौर जिले को छोड़कर लागू होंगे। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरीके से पालन किया जाए। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। न्यायालय के एक तिहाई या एक चौथाई कर्मचारियों को संभव हो तो बुलाया जा सकता है। हॉटस्पॉट क्षैत्र में रहने वाले कर्मचारी इसमें शामिल नहीं होंगेl जिला न्यायाधीश यह भी देखेंगे कि न्यायालय में प्रवेश करने वाला प्रत्येक व्यक्ति मास्क लगाएं हुए हैंl वहीं लोक डाउन 3 के दौरान न्यायालय द्वारा किए जाने वाले कार्य की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी और इस संबंध में जिला न्यायाधीश द्वारा उच्च न्यायालय को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।