17 मई तक बढ़ा देश में लॉक डाउन, रेड, ऑरेन्ज और ग्रीन जोन के लिए तय हुईं अलग-अलग गाइडलाइंस

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम को लेकर केंद्र सरकार ने लॉकडाउन को 17 मई तक बढ़ाने का निर्णय किया है। सरकार ने आज लॉकडाउन को दो सप्ताह तक के लिए बढ़ाने की घोषणा कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लॉकडाउन की समयसीमा में बढ़ोत्तरी के साथ ही गृह मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इस दौरान हवाई यात्रा, ट्रेन, इंटर स्टेट बस सर्विस, स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। देश में 3 मई को 40 दिनों का लॉकडाउन पूरा होने को है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर दी है। हालांकि, इस बार ग्रीन और ऑरेन्ज जोन में शर्तों के साथ कुछ छूट भी दी जाएगी। लेकिन सोशल डिस्टेंशिंग के नियम पहले की तरह जारी रहेंगे। गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लॉकडाउन से कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव में काफी मदद मिली है। इसीलिए लॉकडाउन को अब 4 मई से अगले 2 सप्ताह तक बढ़ाने की घोषणा की जा रही है। इसके तहत रेड, ग्रीन और ऑरेन्ज जोन के लिए अलग-अलग गाइडलाइंस तैयार की गई हैं। जिसके मुताबिक ग्रीन और ऑरेन्ज जोन में कुछ छूट भी दी जा रही है।