सिंधिया के पत्र पर मध्य प्रदेश सरकार ने चने व सरसों की खरीद सीमा बढ़ाकर 20 कुंटल की, सिंधिया ने कृषि मंत्री को चने व सरसो की खरीद सीमा बढ़ाने लिखा था पत्र

ग्वालियर। वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के पत्र पर प्रदेश सरकार ने चने व सरसो की खरीद सीमा बढ़कर 20 क्विंटल कर दिया है। सरकार ने यह फैसला कर किसानों को बडी राहत दी है। श्री सिंधिया ने प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल को पत्र लिखकर चने व सरसों की खरीद सीमा बढ़ाकर 20 क्विंटल किए जाने का अनुरोध किया था। श्री सिंधिया ने कृषि मंत्री कमल पटेल को लिखे पत्र में कहा था कि प्रदेश के किसान बड़े गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। इस बार प्रदेश के किसानों ने चने और सरसों की बंपर पैदावार की है। कोरोना संकट से जहाँ विश्व जूझ रहा है वहीं इसका प्रभाव भारत पर भी पड़ रहा है। इस संकट के कारण किसान भी परेशान है। इन दोनों फसलों की सरकारी खरीद की सीमा अभी क़रीब 15 एवं 14 क्विंटल प्रति हेक्टेयर क्रमशः थी।