ग्वालियर के बाहर फंसे लोगों के लिए क्षैत्रीय सांसद चिंतित, केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र और सीएम से की बात

ग्वालियर। नवोदय विद्यालय पिछोर, ग्वालियर और असम के गुवाहाटी में अध्ययनरत छात्रों को उनके अपने-अपने गृह नगर पहुंचाने और लाने के लिए क्षैत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को पत्र लिखा है। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से फ़ोन पर चर्चा भी की है। इस बात की जानकारी भाजपा के संभागीय मीडिया प्रभारी ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से दी। विज्ञप्ति के साथ संलग्न केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र की प्रति के माध्यम से बताया गया कि 21 अप्रैल को सांसद शेवलकर ने इस बारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा था। जिसमें असम के मुख्यमंत्री से बात कर वहां फसे छात्रों को गृहनगर वापस लाने का अनुरोध किया गया था। इतना ही नहीं सांसद ने देश में अन्य स्थानों पर फंसे लोगों को लेकर भी चिंता जाहिर की है और इस समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उन्हें वापस गृहनगर लाने की बात कही है। जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें अतिशीघ्र पहल किये जाने का आश्वासन दिया है।