'दो-तीन दिन में एक बार खाने का पैकेट आता है....'
ग्वालियर। दो-तीन दिन में एक बार खाने का पैकेट आता है और उसमें चार-पांच पूड़ी और थोड़ी सी सब्जी होती है। हम खुद खाएं या अपने बच्चों को खिलाएं कुछ समझ नहीं आ रहा। ये पीड़ा है महलगांव स्थित राजीव गांधी आवास योजना के तहत बने मकानों में रहने वाले मजदूर हरी सिंह की। आज दोपहर हरी सिंह करीबन एक सैकड़ा लोगों के साथ सोशल डिस्टेंस मेंटेन करते हुए कतारबद्ध होकर कलेक्ट्रेट के लिए निकले। इनमें महिलाएं एवं बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल थे। ये लोग औहदपुर स्थित कलेक्ट्रेट पहुच पाते उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। भूख से बेहाल गरीब मजदूरों ने जब पुलिस को अपनी व्यथा सुनाई तो पुलिस ने चार लोगों को अधिकारियों से मिलने कलेक्ट्रेट भेज दिया, जबकि अन्य को समझा-बुझाकर घर वापस कर दिया। इन्ही लोगों में से एक सीमा देवी का कहना है कि ना तो उन्हें कोई राशन मिला है और ना ही दूध आता है। लिहाजा परेशान होकर वे अधिकारियों से मिलने जा रहीं हैं। वहीं कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से जब इस बारे में पत्रकारों ने बात की तो उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्दी ही सभी पात्र लोगों को नियमानुसार सरकारी उचित मूल्य की दुकान से राशन दिया जाएगा। बहरहाल लॉक डाउन में गरीब और मजदूर बेहाल है वहीं प्रशासन इन्हें उबारने प्रयासरत है।