ग्वालियर के भाजपा सांसद ने घर में लगाई कुटुंब शाखा, परिवार सहित हुए शामिल
ग्वालियर। भाजपा के क्षैत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने रविवार शाम को अपने घर में ही कुटुंब शाखा लगाई और उसमें परिजन सहित हिस्सा लिया। कोरोना वायरस के चलते आरएसएस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप कुटुंब शाखा का आयोजन किया गया। दरअसल आरएसएस यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देशभर में फैले अपने कार्यकर्ताओं से कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर सार्वजनिक रूप से शाखा में शामिल होने से बचने के लिए कुटुंब शाखा लगाने का आव्हान किया था। इसके तहत क्षैत्रीय सांसद शेजवलकर ने अपने परिवार सहित घर में ही कुटुंब शाखा आयोजित की। इस अवसर पर सांसद शेजवलकर और उनकी पत्नी के अलावा उनके पुत्र-पुत्र वधू एवं बच्चे भी शामिल हुए। इस दौरान घर के सभी सदस्यों ने शाखा की प्रार्थना का सामूहिक गायन किया। खास बात ये रही कि इस मौके पर तय निर्देशों का पालन किया गया और कोई भी बाहरी व्यक्ति इसमें शामिल नहीं हुआ। आपको बता दें देशभर के कई स्थानों पर कुटुंब शाखा रविवार शाम 5:30 बजे लगाई गई थी।