गुना; बेटी कोटा में फंसी, पिता ने ट्वीट कर लगाई सीएम और सिंधिया से गुहार, सिंधिया ने की डिप्टी सीएम पायलट से बात, जल्द वापसी का दिलाया भरोसा
ग्वालियर। गुना के रहने वाले आशीष जैन ने अपनी बेटी अंशिका को राजस्थान के कोटा से वापस घर लाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया से गुहार लगाई है। सिंधिया ने अंशिका के पिता को आश्वस्त किया है कि जल्द ही उनकी बेटी घर लौटेगी। दरअसल गुना में रहने वाले आशीष जैन की बेटी कोचिंग के लिए राजस्थान के कोटा गई थी। वहां देशभर के हजारों बच्चे कोरोना संक्रमण के चलते लाकडाउन में फंसे हुए हैं। कई दिनों से यहां पढ़ने वाले बच्चे लाक डाउन के कारण हॉस्टल के कमरे में रहने के लिए मजबूर हैं। उनकी पढ़ाई भी पूरी तरह से ठप्प है। लेकिन सीमाएं सील होने के कारण वे अपने घर नहीं जा पा रहे हैं। यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कोटा से लगभग 8 हज़ार छात्रों को विशेष बसों के जरिए वापस लाया जा रहा है। इसी तर्ज पर अब दूसरे राज्यों के रहने वाले छात्रों ने अपने माता-पिता के जरिए उन्हें कोटा से निकालने की मांग की है। अंशिका के पिता आशीष जैन ने 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई थी। जिसके बाद सिंधिया ने प्रत्युत्तर में राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट से अंशिका की वापसी को लेकर फोन पर चर्चा की है। डिप्टी सीएम पायलट ने सिंधिया को आश्वस्त किया है कि अंशिका का पूरा ध्यान रखा जाएगा और उसकी सकुशल वापसी के लिए कोशिश की जाएगी। सिंधिया ने आशीष जैन को सचिन पायलट से हुई बातचीत का ब्यौरा देते हुए अंशिका के जल्दी ही सकुशल गुना लौटने का भरोसा दिलाया है।