ग्वालियर; दाल बाज़ार से खेरिज किराना व्यापारियों ने की खरीददारी, करीबन 4 करोड़ के कारोबार का अनुमान

ग्वालियर। किराने का सामान खरीदने के लिए शहर भर के किराना-कारोबारी सुबह होते ही दाल बाजार पहुंच गए और जैसे ही दुकानों के शटर उठना शुरू हुए। इन दुकानदारों ने खरीदारी की। व्यापारियों की मानें तो लॉकडाउन के दौरान आज 5 घंटे में लगभग 4 करोड़ का कारोबार हुआ। इस दौरान पुलिस प्रशासन और दाल बाजार व्यापार समिति को व्यवस्थाएं बनवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। लॉकडाउन के दौरान लोगों को सहजता से राशन मिल सके, इसके लिए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस कप्तान नवनीत भसीन और एडीएम किशोर कान्याल ने दाल बाजार में थोक व खेरिज व्यापारियों के लिए अतिरिक्त व्यवस्था बनाई है। बुधवार को दाल बाजार में थोक कारोबारियों के शटर उठने से पहले ही शहर व देहात के किराना व जनरल स्टोर कारोबारी खरीदारी करने पहुंच गए। किराना कारोबारियों की मानें तो लगभग 4 करोड़ का कारोबार एक दिन में हो गया। व्यापारियों का कहना है अगर प्रशासन इसी तरह राहत देता रहा तो व्यापारियों की परेशानियां खत्म हो जाएंगी। दाल बाजार के खेरिज कारोबारियों का कहना था कि जिस तरह थोक कारोबारियों का कारोबार प्रशासन करा रहा है, उसी तरह से खेरिज कारोबारियों को भी कारोबार करने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं इस दौरान पुलिस ने मोर्चा संभाला और व्यापारियों को निर्धारित निर्देशों के तहत व्यवस्थित कराकर सहयोग किया। जो लोग भीड़ लगाकर खड़े होते उन्हें डंडे के बल पर समाझाइश भी दी। दाल बाज़ार कुछ लोग खेरिज किराना लेने भी पहुचे थे, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते खरीददारी करने में सफल नहीं हो सके। बाज़ार की निर्धारित समयावधि के बीच कई दफा पुलिस वाहनों को बाज़ार से बाहर कर दिया।