ग्वालियर; स्वास्थ्य अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों की लगाई गैर हाजरी, विरोध में सफाई कर्मचारियों ने किया काम बंद, एएचओ पर लगाया जबरन वसूली का आरोप

ग्वालियर। कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने वाले सफाई कर्मियों के एक समूह ने सोमवार को अचानक हड़ताल कर दी और काम पर जाने से इंकार कर दिया। हड़ताली सफाईकर्मियों ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पर हाज़िरी लगाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। वहीं क्षैत्रीय अधिकारी ने इस मामले में सफाईकर्मियों को कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया है। लश्कर स्थित नगर निगम के क्षैत्रीय कार्यालय क्रमांक 17 पर आज सफाईकर्मियों ने हड़ताल कर दी। हड़ताली कर्मचारियों ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान सफाईकर्मियों ने वार्ड 38 एवं 39 में सैनीटाईजेशन का कार्य और सफाई काम ठप्प कर दिया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों को जमकर खरीखोटी सुनाई। बाद में नाराज सफाईकर्मियों ने स्वास्थ्य अधिकारी पुष्पेंद्र श्रीवास्तव को शिकायती आवेदन सौंपा। स्वास्थ्य अधिकारी ने शिकायत पत्र मिलने की पुष्टि की है और सफाईकर्मियों को उचित कार्यवाही किये जाने का भरोसा दिलाया है। हड़ताली सफाईकर्मी मिथलेश बाई का कहना है सोमवार को जब वे ड्यूटी पर आईं थी तो सहायक स्वास्थ्य अधिकारी ने हाज़िरी रजिस्टर छीन लिया और हाज़िरी लगाने के एवज में रिश्वत की मांग की। एक अन्य सफाईकर्मी मुन्नालाल का कहना है कि सहायक स्वास्थ्य अधिकारी ने उपस्थित होने के बाबजूद 10 दिन की गैर हाज़िरी लगा दी। इसलिए उन्होंने काम बंद कर दिया है। हडलाती सफाईकर्मियों की संख्या 80 बताई गई है।