मप्र; कोरोना महामारी के कारण आर्थिक संकट से घिरे जूनियर वकीलों को आर्थिक सहायता के लिए पत्र याचिका पेश
राजेंद्र तलेगांवकर,ग्वालियर। कोरोना महामारी के चलते देश एक और जहां विभिन्न गंभीर समस्याओ का सामना कर रहा है वहीं जूनियर अधिवक्ता भी आर्थिक समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे अधिवक्ताओं को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने के लिए चीफ जस्टिस उच्च न्यायालय जबलपुर के समक्ष पत्र याचिका प्रस्तुत की गई है। पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता एमपीएस रघुवंशी ने यह याचिका प्रस्तुत करते हुए न्यायालय से इसे जनहित याचिका के रूप में सुनवाई में लेने का आग्रह कर इस संबंध में जूनियर अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता देने के लिए उचित दिशा निर्देश दिए जाने का निवेदन किया है। याचिका में कहा गया है कि 14 अप्रैल 2020 को लॉक डाउन समाप्त हो रहा है लेकिन जिस प्रकार देश एवं प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है इसे देखते हुए आशंका है कि लोक डाउन की अवधि और बढाई जा सकती है। याचिका में कहा गया है कि लोक डाउन के कारण प्रदेश के न्यायालयों में भी कामकाज बंद है। ऐसे में केवल जरूरी मामलों की सुनवाई की जा रही है। जो वकील पिछले 10 साल से वकालत कर रहे हैं उनमें से अधिकांश अधिवक्ता आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इस प्रकार यह अधिवक्ता अपनी आजीविका चलाने में असमर्थ है इससे उनके मौलिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। वर्तमान समय में प्रदेश में राज्य अधिवक्ता परिषद की विशेष समिति कार्य कर रही है जो कि इस संबंध में निर्णय नहीं ले पा रही हैं। मैं उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ ग्वालियर का सदस्य हूं इस कारण मैंने संघ को 26 मार्च 2020 को एक पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि ऐसे अधिवक्ताओं के लिए एक आपातकालीन अधिवक्ता राहत कोष बनाया जाए इसके लिए मैंने ₹21000 की राशि प्रदान की। बार के अन्य सदस्यों ने भी इसके लिए राशि प्रदान की। लेकिन यह राशि इतनी नहीं थी जिससे कि अधिवक्ताओं को सहयोग किया जा सके इसलिए इन अधिवक्ताओं को सहयोग देने का काम शुरू नहीं हो सका। याचिका में कहा गया है कि सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि दिल्ली के अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता दी गई है वहीं इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने ऐसे ही मामले में नोटिस जारी कर दिए हैं। याचिका में यह भी कहा गया है कि तमिलनाडु और पांडिचेरी में भी ऐसे वकीलों को वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया जा चुका है। इसलिए इन परिस्थितियों का संज्ञान लेते हुए न्यायालय राज्य शासन को दिशा-निर्देश प्रदान करें।