दिग्विजय सिंह ने लिखा सीएम शिवराज सिंह को पत्र, औरंगाबाद में फंसे होटल मैनेजमेंट के 24 स्टूडेंट्स को की वापस लाने की मांग

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर महाराष्ट्र के औरंगाबाद में फंसे मध्य प्रदेश के 24 छात्रों को वापस लाने के लिए आवश्यक मदद मुहैया कराए जाने की मांग की है। इस पत्र के साथ इन छात्रों की सूची भी सलग्न है। जिसमें छात्र-छात्राओं के नाम व कुछ अभिभावकों के कॉन्टेक्ट नम्बर भी दिए गए हैं। प्रेस को जारी पत्र की प्रति के अनुसार महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के हॉस्टल में देशभर के 473 छात्र-छात्राएं है। इनमें मध्य प्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, भोपाल और पन्ना के 24 छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। पत्र के माध्यम से बताया गया है कि एक माह पूर्व इंस्टिट्यूट की एक शिक्षिका के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उक्त छात्र-छात्राओं को क्वारेन्टीन किया गया था। उक्त सभी ने क्वारेन्टीन के लिए तय अवधि 14 दिन पूरी कर ली है और इस अवधि के अलावा 15 दिन और बीत गए हैं। इतना ही नहीं सभी स्टूडेंट्स की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाबजूद इसके सभी हॉस्टल में फंसे है और महाराष्ट्र की वर्तमान परिस्थितियों से छात्र-छत्राओं में संक्रमण की आशंका है। आगे लिखा है मध्य प्रदेश के सभी 24 बच्चे वापस आना चाहते हैं तथा कुछ के अभिभावक सतत प्रयासरत भी हैं। इन अभिभावकों ने अपने बच्चों को वापस लाने के लिए सेनिटाईज्ड बस की व्यवस्था की है तथा मध्य प्रदेश सरकार और महाराष्ट्र सरकार में समन्वय स्थापित कर वापसी की अनुमति प्रदान करने और बस के लिए कर्फ्यू पास जारी करने का आग्रह किया है। पत्र के अंत में दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश सरकार से अनुरोध किया है कि वे इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, औरंगाबाद के हॉस्टल में फंसे सभी 24 छात्र-छात्राओं को वापस लाने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात करें और उन्हें आवश्यक मदद मुहैया कराए।