ग्वालियर में 11 तक बढ़ाई गई लॉक डाउन की अवधि, सब्जी पर अभी भी कोई छूट नहीं

ग्वालियर। जिला प्रशासन ने स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर में रात तक चली बैठक के बाद लॉक डाउन की अवधि को 11 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसमें पूर्व की तरह सुबह 6 से 9 बजे तक दूध एवं ब्रेड के विक्रय पर छूट रहेगी। वहीं जिले की 86 दवा दुकानों एवं 25 से अधिक पेट्रोल पंपों को खुलने की छूट है। इसमें पिछले 8 दिन से सब्जी विक्रय पर लगी रोक बरकरार है। राशन किराना दुकानों को भी अभी छूट नहीं दी गई है। साथ ही थोक दवा बाजार को भी नहीं खोला जाएगा। प्रशासन के इस निर्णय से सब्जी के दामो में और भी बढ़ोतरी होगी और चोरी छुपे बिकने वाली सब्जी के मनमाने दाम वसूले जाने की आशंका है। ऐसा ही राशन एवं किराने की होम डिलीवरी में हो रहा है। इस ओर प्रशासन का ध्यान नहीं जाने के कारण सब्जी एवं राशन को लेकर आमजन ठगा जा रहा है।