ग्वालियर; कोरोना के संक्रमण से बचाने हाईड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन से किया जा रहा है बहुमंजिला इमारतों को सैनिटाइज्ड
ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए अभियान चलाकर शहर को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। इसी के तहत जहां प्रमुख बाजारों, गलियों, कॉलोनियों और मोहल्लों में छोटे वाहनों की सहायता से कर्मचारियों द्वारा सैनिटाइजर छिड़का जा रहा है, वहीं शहर की बहुमंजिला इमारतों को संक्रमण मुक्त रखने के लिए फायर बिग्रेड अमले की हाईड्रोलिक प्लेटफार्म मशीन का उपयोग किया जा रहा है। उक्त जानकारी नगर निगम जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया है। विज्ञप्ति अनुसार, नोडल अधिकारी फायर केशव सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए नगर निगम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से शहर के सभी 66 वार्डों में सैनिटाइजर का छिड़काव करने के लिए वार्डवार टीमों का गठन किया गया है। जो सैनिटाइजर के छिड़काव कार्य में जुटी हैं। श्री चौहान ने आगे बताया कि नगर निगम द्वारा शहर की बहुमंजिला इमारतों को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अलकापुरी की कई इमारतों को सेनिटाईज्ड किया गया। इस दौरान फायर बिग्रेड के संसाधनों की मदद ली गई। इमारतों की ऊंचाई अधिक होने के चलते फायर ब्रिगेड के बेड़े में शामिल हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीन का उपयोग किया गया। इसकी सहायता से ही 15 मंजिल ऊपर तक सेनिटाइजर का छिड़काव संभव हो पाया।