यात्री ट्रेनों का परिचालन 31 मार्च तक बंद, जानें क्या है संशोधित व्यवस्था

झांसी/ग्वालियर। कोविड-19 के खतरे से बचाव को लेकर भारतीय रेल द्वारा सभी पैसेंजर, मेल एक्सप्रेस,इंटरसिटी एवं प्रीमियम गाड़ियाँ आगामी 31 मार्च तक निरस्त कर दी गई हैं। इस बात की जानकारी पीआरओ झांसी मंडल मनोज कुमार सिंह ने प्रेस को जारी सूचना के माध्यम से दी है। इसके मुताबिक इस दौरान वही ट्रेन ट्रेक पर दौड़ेंगी, जिन्होंने 22 मार्च प्रातः 4:00 बजे से पहले अपनी यात्रा प्रारंभ की है। सूचना के अनुसार 31 मार्च तक कोई नई गाड़ी यात्रा प्रारंभ नही करेगी। इसके अलावा देश के किसी हिस्से में आवश्यक वस्तुओं की कमी ना हो इस बात को ध्यान में रखते हुए देश के विभिन्न स्थानों तक सप्लाई पहुंचाने हेतु माल गाड़ियों का संचालन जारी रहेगा। इसके साथ ही रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार 31 मार्च तक यूटीएस टिकटो की बिक्री भी प्रतिबंधित कर दी गई है। अब स्टेशन काउंटर्स एवं यूटीएस मोबाइल एप्प के माध्यम से 31 मार्च तक कोई टिकट जारी नही किया जाएगा। पीआरएस टिकटो की बुकिंग के लिए भी न्यूनतम आवश्यक काउंटर ही स्टेशन पर खोले जाएंगे, जिससे पूर्व से बुक किये गए टिकटो को समय रहते बिना किसी असुविधा के रद्द किया जा सकेगा। इस दौरान स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ को कम करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा पीआरएस टिकटो के रिफंड नियमों में भी परिवर्तन किया गया है। ये परिवर्तन 21 मार्च से 21 जून 2020 तक के लिए मान्य है। परिवर्तित नियमों के तहत ट्रैन निरस्त होने पर अब 3 दिन के स्थान पर 3 महीने तक टिकट जमा कर रिफंड लिया जा सकता है, यात्री द्वारा टिकट कैंसिल कराये जाने पर अब टीडीआर 3 दिन के स्थान पर 3 महीने तक भरा जा सकता है साथ ही टीडीआर को दावा कार्यालय में मौजूदा 10 दिन के स्थान पर 60 दिनों के अंदर भेजा जा सकता है, 139 के माध्यम से रद्द किए गए टिकटो के रिफंड स्टेशन पर ट्रैन के निर्धारित प्रस्थान समय तक के स्थान पर 3 महीने तक प्राप्त किये जा सकते हैं। झांसी मंडल में रेल प्रशासन द्वारा कोविड-19 की रोकथाम के लिए कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में झांसी मंडल के बड़े स्टेशनों जैसे झांसी,उरई आदि पर थर्मल स्कैनर के द्वारा यात्रियों की जांच शुरू की जा रही है। इसकी सहायता से संदिग्ध लोगो को भीड़ से अलग कर बेहतर तरीके से जांच की जा सकेगी। ताकि कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। रेलवे द्वारा प्रेस को जारी सूचना में बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर आज आयोजित जनता कर्फ्यू के मद्देनजर मंडल में स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही में बेहद कमी देखी गई। झांसी स्टेशन से यात्रा प्रारंभ करने वाले यात्रियों की संख्या न के बराबर रही। विशेषकर लंबे रुट की अपनी यात्रा पूरी करके लौटे यात्री ही स्टेशन पर देखे गए। बताया गया है जहां झांसी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 50,000 यात्रियों की आवाजाही रहती थी वहां रविवार को यात्रियों की संख्या काफी कम ही रही। झांसी रेल प्रशासन ने जन साधारण से आग्रह किया है कि अनावश्यक यात्रा करने से बचे एवं जहां तक संभव हो घर पर ही रहें। इसमे न सिर्फ आपका बल्कि देश का भी हित निहित है।