जेल के अंदर आना और रहना, सुखद अनुभव कतई नहीं- ADGP राजाबाबू सिंह

ग्वालियर। केंद्रीय कारागार ग्वालियर के स्थापना दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आज शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के तत्वाधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहनीय कार्य करने पर महिला प्रहरियों को सम्मानित किया गया। साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गए। रविवार को केंद्रीय कारागार के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए ए.डी.जी.पी. राजाबाबू सिंह ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर जेल के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। क्योकि आज अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस होने के साथ-साथ केन्द्रीय कारागार ग्वालियर का स्थापना दिवस भी है। इस मौके पर उन्होंने उपस्थिजन को शुभकामनाएं दीं। श्री सिंह का मानना है कि जेल के अन्दर आना और रहना सुखद अनुभव कतई नहीं है, इसे सभी को स्वीकार करना होगा। ए.डी.जी.पी. ने स्वीकारते हुए कहा कि कई बंदी झूठे इल्जाम में भी सजा काट रहे हैं, लेकिन जेल आना उनकी मजबूरी हो जाता है। महिला कैदियों को लेकर राजाबाबू सिंह बोले यहाँ कोई माँ, कोई बहन तो कोई किसी की पत्नी है, लेकिन इन्हें देखकर उन्हें बेहद कष्ट होता है। अपने संबोधन में श्री सिंह ने जेल प्रबंधन की तारीफ करते हुए कहा कि जेल प्रबंधन काबिले तारीफ कार्य कर रहा है। जो सभी बंदियों का बेहद ख्याल रख रहा है और समय-समय पर जो बन पड़ता है सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। आगे उन्होंने बंदियों से कहा कि आप लोग किसी न किसी क्षैत्र में पारंगत हैं, अपनी उस प्रतिभा को निखारें। पिछले दिनों श्री सिंह ने जेल में बंदियों को गीता भेंट की थी। इसे लेकर राजाबाबू सिंह ने कहा सभी बंदियों को उसे पढ़ना चाहिए। इससे उनका आध्यात्मिक और मानसिक विकास होगा। ADGP ने इस अवसर पर बंदियों से आह्वान किया कि आप बेहतर इंसान बने, जिससे लोग आपकी तारीफ़ करें। इस दौरान जेल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। जिसके विजयी प्रतिभागियों और सराहनीय कार्य करने वाली महिला प्रहरियों को मंचासीन अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन जिन सामाजिक संस्थाओं द्वारा किया गया। उनमें जे.सी.आई. ग्वालियर विंग, साँस वेलफेयर सोसाइटी, श्री ऋतुराज सिंह चौहान, ए.डी.जे. जिला न्यायालय ग्वालियर एवं प्रिजन मिनिस्ट्री ऑफ़ इण्डिया शामिल हैं। कार्यक्रम में ए.डी.जी.पी. राजाबाबू सिंह के अलावा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नीलम सिंह, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, श्रीमती रश्मि साहू, उप जेल अधीक्षक महेश प्रसाद टिकारिया सहायक जेल अधीक्षक महावीर बघेल, सहायक जेल अधीक्षक विपिन दंडोतिया, सुश्री हरप्रीत कौर, सौरभ जैन, सुश्री मोनिका जैन. सुश्री स्मृति सिंह, सुश्री जसप्रीत कौर, श्रीमती परपेट शर्मा सहित जेल प्रशासन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप जेल अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा किया गया व आभार जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू ने व्यक्त किया।