ग्वालियर: स्वरा भास्कर और संयुक्त संचालक तोमर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग, कुछ अभिभाषकों ने सौंपा एसपी को शिकायती आवेदन

ग्वालियर। फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अधिवक्ता रविंद्र दीक्षित ने स्वरा के एक बयान को उकसाने वाला बताते हुए एसपी से आपराधिक प्रकरण दर्ज किये जाने की मांग की है। साथ ही कार्यवाही नहीं होने की स्थिति में न्यायालय की शरण में जाने की बात कही है। आज अधिवक्ता रविंद्र दीक्षित अपने साथियों के साथ सिटी सेंटर स्थित एसपी आफिस पहुचे। जहां उन्होंने एसपी नवनीत भसीन को एक शिकायती आवेदन सौंपा। अधिवक्ता ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने शुक्रवार को जीवाजी विश्वविधालय के गालव सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किये जा रहे बिटिया उत्सव के मंच से जो बातें कहीं वह घोर आपत्तिजनक है। उनकी इन बातों से ग्वालियर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है। अधिवक्ता श्री दीक्षित ने अपने शिकायती आवेदन में जिक्र किया है कि उक्त अभिनेत्री ने कार्यक्रम के दौरान मंच से दिल्ली पुलिस पर सांप्रदायिक होने का आरोप भी लगाया है। इतना ही नहीं उन्होंने भारतीय लोकतंत्र का अपमान करते हुए भोपाल सांसद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि इस देश में आतंक के मामले में आरोपी को संसद भेजना गलत नहीं है लेकिन शाहीन बाग में धरने जैसा काम करना आतंकवाद की श्रेणी में आता है। इसके अलावा अधिवक्ता रविन्द्र दीक्षित ने अपने आवेदन में ग्वालियर संभाग के संयुक्त संचालक सुरेश तोमर के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के सरकारी कार्यक्रम में ऐसे वक्ताओं को बुलाना जो कि सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने का काम करते हैं यह गलत बात है। उन्होंने 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए आवेदन के माध्यम से कहा है अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो उन्हें मजबूरन न्यायालय की शरण लेनी होगी।