राम जन्मभूमि के नाम पर कोई चंदा नहीं होगा, कभी नहीं होगा - महंत नृत्य गोपाल दास
ग्वालियर। राम जन्मभूमि के नाम पर कोई चंदा नहीं होगा, कभी नहीं होगा। उक्ताशय की जानकारी राम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षैत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने पत्रकारों को दी। महंत नृत्य गोपाल दास शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुचे। गोला का मंदिर स्थित सिध्देश्वर धाम पहुचने पर महंत की आगवानी स्थानीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने की। तदुपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए महंत नृत्य गोपालदास ने पत्रकारों के सवालों का जबाब दिया। महंत ने ट्रस्ट में जिम्मेदारी नहीं मिलने से नाराज असंतुष्टों के सवाल को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भीड़ में हर किसी को स्थान नहीं मिलता। उन्होंने विवाद की बात को व्यर्थ की बातें करार दिया। इससे पहले महंत नृत्य गोपाल दास ने शिलान्यास कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री समेत आमंत्रित अतिथियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है और उन्हें आमंत्रित किया है। इसके अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा सभी राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री जो धर्म प्रेमी हैं उनका स्वागत है। महंत नृत्य गोपाल दास ने मंदिर का निर्माण किसी चंदे से कराये जाने के सवाल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि राम मंदिर के नाम पर कोई चंदा नहीं होगा और कभी नहीं होगा। जनता के सहयोग से मन्दिर का निर्माण कराया जाएगा। सरकार से किसी सहयोग की जरूरत नहीं है उसके पास पहले से बहुत समस्याएं हैं। महंत ने मन्दिर निर्माण को लेकर 1-2 महीने में बैठक आयोजित किये जाने की बात कही है।