ग्वालियर : कम्प्यूटर बाबा ने दिए खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश
ग्वालियर। राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त कंप्यूटर बाबा मंगलवार को ग्वालियर अंचल के दौरे पर आए। बाबा ने भिंड जिले में रेत की खदानों पर छापामार कार्रवाई कर तीन पोकलेन मशीन को जब्त करवाईं। देर शाम कंप्य़ूटर बाबा ने ग्वालियर कलेक्ट्रेट में अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में कलेक्टर, एसपी के साथ ही जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी शामिल मौजूद रहे। कंप्यूटर बाबा ने अफसरों को जिले में नदियों में हो रहे अवैध खनन पर लगाम लगाने और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद कंप्यूटर बाबा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी अवैध उत्खनन पूरी तरह बंद नही हुआ है, लेकिन लगाम जरुर लग रही है। कम्प्यूटर बाबा ने पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार पर निशाना साधते कहा कि बीते 15 साल से मध्य प्रदेश की नदियों को छलनी करने का काम शिवराज सरकार ने किया था। लेकिन धीरे-धीरे अब कमलनाथ सरकार अवैध उत्खनन को रोकने में काम कर रही है। बाबा ने कहा कि अवैध खनन को लेकर जहां शिकायत मिलती है वहां लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध उत्खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।