ग्वालियर : सासन गांव में मुस्लिम परिवार कराएगा श्रीमद भागवत कथा
ग्वालियर। भित्तरवार के एक गांव में साम्प्रदायिक सौहार्द्र की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। जहां एक मुस्लिम परिवार भागवत कथा करवाने जा रहा है।
भितरवार के सासन गांव में एक मुस्लिम परिवार 21 फरवरी से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन करेगा। जिसके यजमान होंगे सफीना बाना और फिरोज खान। आगामी 21 फरवरी से शुरू होने वाली श्रीमद भागवत कथा का वाचन पंडित राघवेन्द्र पाराशर करेंगे। भागवत कथा के आयोजन को लेकर फिरोज ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं। कथा के प्रचार-प्रसार को लेकर पेम्प्लेट्स छपवाए गए हैं और बांटे जा रहे हैं। फिरोज का पूरा परिवार हिंदू धर्म में आस्था रखता है। बताया जा रहा है कि इस आयोजन में करीब 15 से 20 मुस्लिम परिवार सहयोग कर रहे हैं। श्रीमद् भागवत कथा को लेकर मुस्लिम परिवार के मुखिया फिरोज खान ने बताया कि उसकी हिंदू धर्म के प्रति अपार श्रद्धा है। जब वह 10 साल के थे, तभी से भगवान की पूजा करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे 11 बार गोवर्धन परिक्रमा लगा चुके हैं। तीन बार वैष्णोदेवी की यात्रा कर चुके हैं। पिछले 11 साल से शीतला माता मंदिर के दर्शन को जाते रहे हैं। वहीं क्षेत्र में खातीवाले बाबा के स्थान पर हर नवरात्र में पिछले 14 साल से कन्या भोजन कराते रहे हैं। इस बार उसकी फसल अच्छी हो इसकी मन्नत मांगी और श्रीमद्भागवत कराने का संकल्प लिया था। इस बार उसके यहां 15 से 20 लाख रुपए की धान की उपज हुई, इसलिए वह अब श्रीमद्भागवत कराकर अपना संकल्प पूरा कर रहे हैं।