सामूहिक विवाह सम्मेलन आज की आवश्यकता : सांसद श्री शेजवलकर

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को बसंत पंचमी के अवसर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन फूलबाग मैदान में किया गया। सम्मेलन में 34 कन्याओं के विवाह सम्पन्न कराए गए। इस अवसर पर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, संत श्री रमेश महाराज जी, उपायुक्त डॉ अतिबल सिंह यादव, नोडल अधिकारी सुश्री पूर्वी अग्रवाल, जनकल्याण अधिकारी विजय बरुआ सहित बडी संख्या में समाजसेवी एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षैत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे सामाजिक आयोजन आज के युग में बहुत ही प्रासंगिक हो गए हैं। क्योंकि ऐसे आयोजनों से फिजूल खर्चा रुकता है और बडी संख्या में विवाह सम्पन्न हो जाते हैं। इसके साथ ही गरीब परिवार जो कि अपने बच्चों के विवाह अच्छी प्रकार से करने में असमर्थ रहते हैं उनके बच्चों के विवाह धूम धाम से सम्पन्न हो जाते हैं। इस प्रकार के आयोजन समय समय पर होते रहना चाहिए। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सभी नव विवाहित जोड़ों को सफल एवं सुखी दाम्पत्य जीवन का आर्शीवाद तथा उपहार प्रदान किए गए। इस मौके पर नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित विवाह सम्मेलन में शामिल प्रत्येक वर-वधु को कन्या के नाम 48 हजार रुपए बैंक खाते में एवं विवाह प्रमाणपत्र सौंपे गए। इसके अलावा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान सांसद श्री शेजवलकर ने सभी नव दम्पत्यिों एवं उपस्थित जन समूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा सभी से स्वच्छता को अपनी आदत बनाने तथा अपने घर के साथ साथ गली, मोहल्ला एवं शहर को साफ व स्वच्छ बनाने की अपील की।