ग्वालियर : पर्यावरण के प्रति बेहद संजीदा हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया....

ग्वालियर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया पर्यावरण को लेकर बेहद संजीदा हैं। इसीलिए आज एक कार्यक्रम में आतिशबाजी जलाने से हो रहे प्रदूषण को लेकर बिफर गए और ऐसी चीजों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी, जिनसे पर्यावरण को नुकसान पहुचता हो। मामला गुरुवार को जीवाजी विश्वविधालय खेल परिसर में आयोजित सिंधिया प्रीमियर लीग के शुभारंभ कार्यक्रम का है। सिंधिया जब मुख्य अतिथि की आसंदी से कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे तभी आयोजकों ने रंगीन धुंआ फैंकने वाली आतिशबाजी जला दी। धुंआ उठते देख सिंधिया ने पहले उसे बंद करने को कहा, उसके बाद ऐसी चीजों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। हालांकि आयोजकों ने सिंधिया से मिले निर्देश के बाद आतिशबाजी बंद करा दी । आगे सिंधिया ने अपना संबोधन जारी रखा और उम्मीद जताई कि जिस तरह भारत-न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को खेले गए 20-20 मैच में रोहित शर्मा ने आखिरी की दो गेंदों पर दो शानदार छक्के लगाकर जीत दिलाई। उसी तरह एसपीएल में भी छक्के लगेंगे और क्रिकेट प्रेमी खेल का भरपूर लुफ्त उठाएंगे। साथ ही उन्होंने लीग के समापन अवसर पर उपस्थित रहने का प्रयास करने की बात भी कही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।