ग्वालियर : टोपी बचाने के चक्कर में बुजुर्ग हुए हादसे का शिकार, सातवीं मंजिल से गिरकर हुई दर्दनाक मौत ...

ग्वालियर। न्यू कलेक्ट्रेट के समीप आज एक बहुमंजिला इमारत की सातवीं मंजिल से गिरकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। शुरुआती पड़ताल के बाद माना जा रहा है बुजुर्ग, अपनी टोपी पकड़ने के चलते हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी थाना अंतर्गत अलकापुरी के पास स्थित सत्यम टॉवर की सातवीं मंजिल पर 65 वर्षीय रामनरेश राठौर अपनी पत्नी के साथ फ्लैट नंबर 709 में रहते थे। उनके दो बेटे हैं जो नोयडा में रहते हैं। आज सुबह सोकर उठे थे और बालकनी में गए थे, तभी ऊपर से नीचे जमीन पर गिरने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुचकर पड़ताल की तो शुरुआती जांच के बाद माना जा रहा है कि बुजुर्ग जब बालकनी से झांक रहे होंगे तभी उनकी टोपी गिरने पर उसे पकड़ने के दौरान हादसे का संभवतः शिकार हो गए होंगे। मृतक पूर्व मंत्री के रिश्तेदार बताये जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के बेटों को दे दी है और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।