ग्वालियर : वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री ने कार्यकर्ता पर कराया छेड़छाड़ का मामला दर्ज
ग्वालियर। शहर के इंदरगंज थाना क्षैत्र में रहने वालीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री द्वारा अंकित चौहान नामक कांग्रेस कार्यकर्ता के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया है। कॉंग्रेसी नेत्री का आरोप है कि आरोपी कार्यकर्ता आए दिन उनके मोबाइल पर अश्लील एवं आपत्तिजनक बातें करता था। इसको लेकर उन्होंने थाने में शिकायती आवेदन दिया था। उसी के बाद पुलिस ने आरोपी कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल इंदरगंज थाना पुलिस ने गोला का मंदिर निवासी अंकित चौहान के खिलाफ धारा 354 का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी अंकित चौहान सत्तारुढ़ कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है। अंकित पर आरोप है कि उसने पार्टी की वरिष्ठ नेत्री के मोबाइल पर अश्लील और आपत्तिजनक बातें कीं हैं। इसको लेकर कई बार उसका झगड़ा भी हुआ, पर समझाने पर भी वह नहीं माना और दूसरे का मोबाइल लेकर आपत्तिजनक बातें लिख रहा था। परेशान कांग्रेस नेत्री ने इंदरगंज पुलिस को शिकायती आवेदन दिया था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल आरोपी अंकित पुलिस की पकड़ से दूर है।