ग्वालियर : NSUI के प्रदेश महासचिव सचिन द्विवेदी गिरफ्तार, जेल भेजा
ग्वालियर। बांड ओवर उल्लंघन मामले में यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने आज शाम एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव सचिन द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया। सचिन को जब पुलिस ने पकड़ा तब वह अपने साथियों के साथ जीवाजी यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन कर रहा था। सचिन की गिरफ्तारी से गुस्साए एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ने साथियों समेत पुलिस कार्यवाही के विरोध में गिरफ्तारी देने का प्रयास भी किया। लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों की समाझाइश के बाद छात्र नेताओं को समझाया जा सका।
जीवाजी विश्वविद्यालय में आज शाम एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव सचिन द्विवेदी और जिलाध्यक्ष जीतू राजौरिया की अगुवाई में बड़ी संख्या में छात्र आंदोलन कर रहे थे। इसी बीच यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुचकर एनएसयूआई महासचिव सचिन द्विवेदी को बांड ओवर उल्लंघन मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सचिन के खिलाफ 6 जनवरी को वारंट जारी किया गया था। अचानक हुई सचिन की गिरफ्तारी से गुस्साए एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष जीतू राजोरिया और उनके साथियों ने पुलिस कार्यवाही का विरोध किया और सचिन के समर्थन में गिरफ्तारी देने का प्रयास भी किया। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस आरोपी छात्र नेता को लेकर थाने पहुची। सचिन की गिरफ्तारी की खबर लगते ही बड़ी संख्या में एनएसयूआई नेता व कार्यकर्ताओं थाने पहुच गए। आनन फानन में पुलिस आरोपी छात्र नेता को कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कोर्ट लेकर पहुची। यहां पुलिस ने सचिन को एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इससे पहले एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव सचिन द्विवेदी ने पुलिसिया कार्यवाही के लिए जीवाजी विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही कुलपति संगीता शुक्ला का नाम लिए बगैर उन्हें तानाशाह बताया है। वहीं एसडीएम अनिल बनबारिया का कहना है कि सचिन द्विवेदी को एक वर्ष के लिए बांड ओवर किया गया था। इन्होंने बांड ओवर का उल्लंघन किया, जिसके बाद इनका जेल वारंट बनाया गया है।