ग्वालियर : न्यायालय में तारीख करके लौट रहा युवक संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ गंभीर रूप से घायल, महिला साथी जेएएच में भर्ती कराकर गायब हुई
ग्वालियर। जेएएच में एक युवक को आज उसकी महिला साथी ने गंभीर अवस्था में भर्ती कराया और बाद में उसे अस्पताल में छोड़कर गायब हो गई। पुलिस ने उक्त महिला से मोबाइल पर बात की तो पता चला कि उनके खिलाफ एक अपहरण का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। तारीख से होकर जब वे लौट रहे थे तभी अज्ञात परिस्थितियों में उसका साथी घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए उसने जेएएच में भर्ती कराया है। वहीं घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर अभिषेक रावत निवासी लाटपुरा, सबलगढ़, जिला मुरैना अपहरण के एक मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय में अपने दो साथियों तनु नागर और भरत शर्मा के साथ तारीख पर आया था। तारीख करने के बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी पीछे आ रहा अभिषेक संदिग्ध अवस्था में उसे लहूलुहान हालत में मिला। घायल अभिषेक को उसने इलाज के लिए जेएएच के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया है। तनु नागर का कहना है कि तारीख के बाद अभिषेक परेशान था। क्योंकि फरियादी समझौते के एवज में उनसे साढ़े चार लाख रुपये की मांग कर रहा था। लेकिन अभिषेक ने फरियादी को रुपये देने से इंकार कर दिया था।
वहीं जेएएच में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल होकर युवक के पहुचने की सूचना मिलते ही इंदरगंज थाना प्रभारी दीप सिंह सेंगर मय बल के अस्पताल पहुच गए। शुरुआती पड़ताल में पुलिस के हाथ अभिषेक को अस्पताल लाने वाली महिला का मोबाइल नम्बर लगा। थाना प्रभारी श्री सेंगर ने मोबाइल पर तनु से बात की तो उसने स्वीकारा कि अभिषेक को उसने घायलावस्था में इलाज के लिए भर्ती कराया है। क्योकि करीबन तीन वर्ष पूर्व एक मामले में जनकगंज पुलिस ने उसे, अभिषेक रावत और भरत शर्मा के साथ नामजद किया था। इसी मामले की तारीख से निपटने के बाद भरत शर्मा अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया था, जबकि अभिषेक उसके साथ पीछे आ रहा था। तनु ने पुलिस को बताया है कि अभिषेक शराब पीकर तारीख करने पहुचा था। लेकिन जब वह लौट रहे थे तभी लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पीछे देखा तो अभिषेक लहूलुहान हालत में मिला। अभिषेक के गले से खून बह रहा था। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में उसने भर्ती कराया। फिलहाल तनु के अस्पताल से गायब होने के बाद मामला पेचीदा हो गया है। इसीलिए अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि अभिषेक कैसे और क्यों चोटिल हुआ। पुलिस अब इस मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है और पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अभिषेक ने खुद अपना गला काटा है या किसी ने वारदात को अंजाम दिया है।