ग्वालियर : अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट ने किया डीडी मॉल पर प्रदर्शन, फ़िल्म छपाक का किया बॉयकॉट
ग्वालियर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के सदस्यों ने आज अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक के खिलाफ डीडी मॉल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने जबर्दस्त ढंग से दीपिका के खिलाफ नारेबाजी की और फ़िल्म का बायकॉट करने की चेतावनी भी दी। गौरतलब है कि तीन दिन पहले जेएनयू में हुई हिंसा के बाद छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। तभी फ़िल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण छात्रों से मिलने पहुचीं थीं। हालांकि वहां उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को संबोधित नहीं किया था। लेकिन बीजेपी के कुछ नेता और संगठन दीपिका के प्रदर्शन स्थल पर पहुचने को लेकर नाराज हैं आपत्ति जता रहे हैं। क्योंकि जेएनयू की हिंसा में लेफ्ट व एबीव्हीपी के छात्रों के बीच आपस में भिड़ने की खबरें आ रहीं थीं। ऐसे में मामला राजनीतिक हो गया। इसी के मद्देनजर आज फ़िल्म के रिलीज के साथ दीपिका से नाराज अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के सदस्य फूलबाग रोड स्थित डीडी मॉल पर पहुचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री गोपाल सिंह तोमर कर रहे थे। श्री तोमर का कहना है कि दीपिका सेलिब्रिटी हैं और बड़ी संख्या में लोग उनके प्रशंसक हैं, जो उन्हें फॉलो करते हैं। उनकी मौजूदगी से लोगों में गलत मैसेज जाता है। श्री तोमर ने आगे कहा कि दीपिका के इस कृत्य से वे आहत हुए हैं, इसलिए फ़िल्म छपाक का विरोध ही नहीं कर रहे, उसका बायकॉट भी कर रहे हैं। वहीं फ़िल्म के रिलीज पर विरोध की संभावना को देखते हुए सीएसपी रजत सकलेचा की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।