महा आर्यमन सिंधिया ने मेले में किया प्रदर्शनी का शुभारंभ, अवलोकन कर तस्वीरों के सहारे जाना रियासतकालीन कामकाज

ग्वालियर। सिंधिया राज परिवार के युवराज महाआर्यमन सिंधिया ने आज ग्वालियर व्यापार मेले में रियासत काल के दौरान किये गए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान वे मेले के आटोमोबाइल सेक्टर भी पहुचे। जहां महा आर्यमन द्वारा दो चार पहिया वाहन खरीदे जाने की खबर है। हालांकि महा आर्यमन ने वाहन खरीदने की पुष्टि नहीं की है। आज दोपहर महा आर्यमन सिंधिया एक बार फिर से ग्वालियर व्यापार मेले पहुंचे। मौका था मेले के फैसिलिटेशन सेंटर में लगाई गई सिंधिया परिवार द्वारा रियासत काल में अंचल में जनसामान्य के लिए स्थापित जनोपयोगी कार्यों की जानकारी देने वाली प्रदर्शनी के शुभारंभ की। इस अवसर पर महा आर्यमन सिंधिया ने फीता काटकर प्रदर्शनी का विधिवत उदघाट्न किया। तत्पश्चात उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इससे पहले महा आर्यमन का प्रदर्शनी को लेकर उत्साह देखते ही बनता था। अवलोकन के दौरान उन्होंने वहां लगी तस्वीरों के बारे में जानकारी भी ली। तदुपरांत सिंधिया मेले में लगे ऑटोमोबाइल सेक्टर पहुंचे। सूत्रों की मानें तो यहां सिंधिया ने दो चार पहिया वाहन महेंद्रा एलट्यूरस 4 WD और ओडी कार खरीदी। हालांकि महा आर्यमन ने मेले में वाहन खरीददारी की पुष्टि नहीं की है। इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बड़े ही मझे हुए अंदाज में बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे इस प्रदर्शनी में अपने पूर्वजों के शौर्य औऱ वीरता की तस्वीरें साक्षात देख गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि चित्रों के माध्यम से उन्होंने जाना कि सिंधिया राजवंश ने रियासत काल के दौरान मध्यप्रदेश के विकास में क्या योगदान दिया था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब वे अपने दादा की तस्वीरों को देखते हैं तो उन्हें बेहद अच्छा लगता है। महा आर्यमन का मानना है अब समय बदला है और युद्ध की जगह विकास और प्रगति के लिये जिस तरह से काम हुआ है इस पर उन्हें गर्व होता है। वहीं वाहनो की खरीदी के सवाल को वे टाल गए और उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मेला प्राधिकरण के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।