अंचल में बर्फीली हवाओं का कहर, लोगों ने बनाया अलाव को सहारा

ग्वालियर। अंचल में बर्फीली हवाओं ने लोगों को बांध दिया है। आलम ये है कि लोगों का काम प्रभावित होने लगा है। अगर बात करें तापमान की तो बीती रात तापमान 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि आज यानी सोमवार दोपहर करीबन ढाई बजे पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। दिनभर सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए। सुबह दृश्यता बेहद कम 20मीटर रही। इस दौरान वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घर से निकले। जो नहीं निकले वे गर्म कपड़ों की ओट में घरों में कैद रहे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि मंगलवार को बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान को बल इस बात से मिलता है कि दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। वहीं लोग अलाव आदि माध्यमों के सहारे हाडकंपा देने वाली सर्दी से जूझते देखे गए।