इंदौर ; नगर निगम ने भू माफिया की पांच मंजिला इमारत को ब्लास्ट कर किया जमींदोज

इंदौर/ग्वालियर। इंदौर नगर निगम ने आज भू माफियाओं के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करते हुए एक बहुमंजिला इमारत को ब्लास्ट कर गिराया। ये ब्लास्ट, विशेषज्ञ शरद सरवटे की निगरानी में किया गया। बताते हैं ब्लास्ट में 4 किलो से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया। उल्लेखनीय है कि सीएम कमलनाथ द्वारा माफियाओं के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के तहत इंदौर में भू माफियाओं के अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही जारी है। इसी कड़ी में महानगर के जगजीत नगर और संत नगर में भू माफिया ओमप्रकाश सलूजा के अवैध निर्माणों को चिन्हित किया गया था। जिसमें सबसे पहले कार्रवाई सलूजा के पांच मंजिला हॉस्टल पर की गई। लेकिन बिल्डिंग की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण बिल्डिंग को जेसीबी और पोकलेन की सहायता से गिराना मुमकिन नही था। लिहाजा ब्लास्ट करने का निर्णय लिया गया। जिसके बाद आज निगम आयुक्त के निर्देश पर ब्लास्टिंग एक्सपर्ट शरद सरवटे की निगरानी में करीब 4 किलो से अधिक विस्फोटक का इस्तेमाल कर पांच मंजिला इमारत को गिराया गया। इससे पहले रिहायशी इलाका होने के चलते नगर निगम ने पुलिस की मदद से आसपास के घरों में रह रह लोगों को एहतियात के तौर पर अपने घरों में बंद रहने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लास्टिंग एक्सपर्ट द्वारा इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि ब्लास्ट के कारण आसपास के कोई भी निजी भवन को नुकसान ना पहुचे। जिसके लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। बताया जा रहा है कि इंदौर में पूर्व में भी कई अवैध निर्माणों को ब्लास्ट कर गिराया भी जा चुका है। इधर ब्लास्टिंग एक्सपर्ट शरद सरवटे की माने तो यह ब्लास्ट उनके कार्यकाल का 314 वां ब्लास्ट रहा, जो सफलता पूर्वक, बिना किसी हानि के पूरा किया जा सका। (मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से)