रेत और गिट्टी के अवैध कारोबार पर सख्ती से करें कार्रवाई - कलेक्टर
ग्वालियर। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल लाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी संयुक्त रूप से प्रतिदिन प्रात: भ्रमण कर स्वच्छता कार्य की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इसके साथ ही अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण और अवलोकन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन एवं नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन ने आज शुक्रवार को गोला का मंदिर क्षेत्र में साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा रोड के किनारे रेत व गिट्टी का अवैध रूप से भंडारण कर व्यवसाय करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश खनिज विभाग के अधिकारियों को दिए l
परीक्षण के दौरान एक स्थान पर बैटरियों में डाले जाने वाले केमिकल एवं डिजिटल वाटर का भंडारण अत्याधिक मात्रा में पाया गया जिसे तत्काल जप्त कराकर दुकान को सील करने की कार्रवाई की गई l वही निरीक्षण के दौरान अनेक ऐसे वाहन मिले जिनमें प्रेशर होरन लगा था जिन्हें तत्काल वाहनों से निकलवाया गया तथा संबंधित के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की गई l
कलेक्टर श्री चौधरी ने गोला का मंदिर क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर साफ सफाई व्यवस्था को देखा तथा अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि का भी निरीक्षण किया इसके साथ ही इसी क्षेत्र में जहां-जहां भी गंदगी पाई गई संबंधित भवन स्वामी को चेतावनी देकर उनसे स्वयं ही साफ सफाई कराई गई l
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री किशोर कन्याल, एसडीएम श्री प्रदीप तोमर, संयुक्त संचालक नगर एवं ग्राम निवेश श्री बी के शर्मा, पुलिस अधिकारी एवं विद्युत मण्डल, खनिज विभाग सहित निगम के अधिकारीगण उपस्थित थे।