ऐंटी भू-माफिया मुहिम; प्रशासन ने गोला का मंदिर इलाके से 7 बीघा सरकारी जमीन कराई मुक्त

ग्वालियर। जिले में एंटी माफिया मुहिम के तहत जिला प्रशासन व नगर निगम के संयुक्त अभियान में गुरुवार को दिन भर में करीब 150 करोड़ की शासकीय भूमि मुक्त कराई गई। प्रशासन की टीम कलेक्टर अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सुबह सबसे पहले गोला का मंदिर स्थित जेबी मंघाराम फैक्ट्री के सामने, सड़क किनारे की 7 बीघा जमीन पर भूमि माफिया का कब्जा था। यहां माफिया द्वारा मैरिज गार्डन का निर्माण कराया, गैरिज खोला गया और मिठाई की दुकान भी किराये पर दे दी गई थी। लिहाजा प्रशासन ने तुड़ाई कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस जमीन की कीमत करीबन 100 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। वहीं शाम को इसी क्रम में शहर के बड़े भू माफिया माने जाने वाले चेंबर ऑफ कामर्स के उपाध्यक्ष पारस जैन के मुरार स्थित मकान अनुज्ञा से अधिक क्षैत्र में कराये गए निर्माण पर हथौड़ा चलाया। बताया जाता है कि व्यापारी बनकर माफिया का काम कर रहे पारस जैन ने शहर में कई जगह सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया है। प्रशासन की टीम ने इसके अलावा शहर में कई स्थानों पर अवैध रेत भंडारण तथा शराब माफिया के खिलाफ भी कार्यवाही की। कलेक्टर अनुराग चौधरी का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी तरह का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि का संचालन शहर में होने की सूचना तत्काल एंटी माफिया सेल को दें। गुरुवार को पुलिस का बल कॉस्मोवैली तक पहुंच गया था। इस रिहायशी इलाके की कुछ इमारत सरकारी जमीन पर खड़ी हो गईं हैं और इन्हें तोडऩे के लिए नोटिस पहले ही दिया जा चुका था। वहीं सूत्रों की मानें तो शहर ही नहीं शहर के सीमावर्ती इलाकों में भू माफियाओं ने सरकारी जमीनों डकारने की मंशा से कब्जा कर लिया है उन्हें खदेडऩे का प्लान प्रशासन ने बना लिया है। इसकी शुरुआत न्यू सिटी सेंटर से हो चुकी है। माना जा रहा है अब इस मुहिम का रुख जलालपुर की ओर हो सकता है। जलालपुर में सक्रिय इन भूमाफियाओं के शस्त्र लाइसेंस पूर्व में ही रद्द किए जा चुके हैं।