बेतरतीब तुड़ाई के खिलाफ विधायक मुन्नालाल ने लिखी मुख्यमंत्री को चिट्ठी

ग्वालियर। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुन्नालाल गोयल अब जिला प्रशासन द्वारा की जा रही ताबड़तोड़ तुड़ाई के खिलाफ मैदान में उतर आये हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री को चिट्ठी लिखकर प्रशासन की कार्यवाही को ना सिर्फ दिशाहीन बताया है बल्कि एक कमेटी गठित किये जाने की भी मांग की है। गौरतलब है कि समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त विभिन्न क्षेत्रों के माफियाओं के खिलाफ मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए निर्देशों के बाद जिला प्रशासन लगातार कार्यवाही कर रहा है। खास बात ये है इस कार्यवाही की कॉलोनियों में दस्तक दिए जाने के बाद जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। ग्वालियर पूर्व विस क्षैत्र के विधायक मुन्नालाल गोयल ने मुख्यमंत्री कमलनाथ और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह को चिट्ठी लिखकर प्रशासन की इस कार्यवाही को दिशाहीन बताया है। साथ ही सरकार के प्रति लोगों में नकारात्मक संदेश जाने का उल्लेख किया गया है। विधायक श्री गोयल ने शहर में विकास कार्यों को व्यवस्थित रूप से धरातल पर उतारने के लिए एक कमेटी का गठन किये जाने की भी मांग की है। जिसमें संभागायुक्त, कलेक्टर, एसपी, ननि कमिश्नर और शहर के तीनों विधायकों को शामिल किए जाने का जिक्र है। चिट्ठी में चार बिंदुओं पर जोर दिया गया है जिन पर अमल कर शहर का विकास किया जा सकता है। हालांकि चिट्ठी में तारीख का उल्लेख नहीं है।