अनुज्ञा से अधिक निर्माण की तुड़ाई, ग्वालियर और जबलपुर में हुई कार्यवाही
ग्वालियर। इंदौर, ग्वालियर के बाद अब जबलपुर में भू-माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही का श्रीगणेश हो गया है। ऑपरेशन क्लीन के तहत पुलिस के सहयोग से जिला प्रशासन और नगर निगम ने ग्वालियर और जबलपुर में अलग अलग कार्यवाहियों में अवैध निर्माण धराशायी कर दिए।
गौरतलब है कि इंदौर में जीतू सोनी और ग्वालियर में डॉ. भल्ला के अवैध निर्माण जमींदोज करने के बाद आज ग्वालियर और जबलपुर में जिला प्रशासन ने कार्यवाही की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जबलपुर में शुरुआत नया मोहल्ला में रज्ज़ाक के गार्डन से की गई। जिसका निर्माण नाले के ऊपर किया गया था। इसके बाद एक रेस्तरां के अवैध हिस्से को ढहाया गया। जो रेलवे के चार नम्बर ब्रिज के पास स्थित है। हालांकि रेस्तरां में तुड़ाई के विरोध में भाजपाइयों ने विरोध किया पर प्रशासन ने उनकी एक ना सुनी और अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। इस कार्यवाही के दौरान सरकारी अमले ने सुरक्षा के लिहाज से करीबन पांच सैकड़ा पुलिस कर्मियों और अवैध निर्माण को ढहाने के लिए आठ जेसीबी मशीनों की मदद ली। वहीं ग्वालियर में आज नगर निगम प्रशासन ने पड़ाव पर पुराने ब्रिज के करीब स्थित विनोद सेठ की इमारत पर तुड़ाई की। बताया जा रहा ऊपरी मंजिल पर अनुज्ञा से अधिक निर्माण किया गया था, जिस पर ननि का हथौड़ा चला। सूत्रों की मानें तो पूर्व में उक्त इमारत पर तुड़ाई हो चुकी है। इस दौरान थ्री-डी मशीन के साथ निगम अमला और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।