गृह मंत्री बाला बच्चन ने किया पड़ाव थाने का निरीक्षण, कहा - पुलिसकर्मियों के साप्ताहिक अवकाश पर समीक्षा बैठक में की बात
ग्वालियर। प्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन आज ग्वालियर के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और इसके बाद पड़ाव थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के अवकाश को लेकर भी पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक में चर्चा की है और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। आज ग्वालियर प्रवास पर पहुचे गृह मंत्री बाला बच्चन समीक्षा बैठक के बाद अचानक पड़ाव थाने पहुचे और थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गृह मंत्री ने उपस्थित स्टाफ से प्राथमिकी दर्ज करने सबंधी जानकारी ली। इस बीच उन्होंने चोरी के एक मामले में फरियादी के बयान पढ़ने के बाद उससे फीड बैक लेने को उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रोजनामचा, गुंडन रजिस्टर, निगरानीशुदा रजिस्टर आदि के बारे में विस्तार से जाना। निरीक्षण के दौरान गृह मंत्री ने पड़ाव थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह से बात की और उक्त थाना क्षेत्र में होने वाले सर्वाधिक अपराध किस्म के बारे में जाना। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक राजाबाबू सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक ऐ के पांडे, एसपी नवनीत भसीन समेत अधीनस्थ अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण उपरांत पत्रकारों से बातचीत में थाने के संचालन पर संतोष जताया और पुलिस कर्मियों को अवकाश दिए जाने की शासन की योजना को पूर्व से अमल में लाये जाने की बात कही।