जागरूकता ही है एड्स से बचाव का उपाय—डॉ अशोक मिश्रा
ग्वालियर। एड्स से बचाव का सबसे बेहतर इलाज इस बीमारी के प्रति जागरूकता ही है। इस बीमारी के 4 दरवाजे हैं,अगर ये बंद कर दिये जाएं तो एचआईवी या एड्स कभी नहीं होगा। यह बात जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ अशोक मिश्रा ने एड्स दिवस सप्ताह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कही।
इसका आयोजन एआरटी सेंटर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में संकल्प विहान संस्था व लेप्रा सोसायटी अहाना प्रोजेक्ट के सहयोग से किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जीआर मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ सरोज कोठारी ने कहा कि असुरक्षित यौन संबंध से ,संक्रमित रक्त चढ़ाने से,संक्रमित सुई से औऱ संक्रमित माँ के प्रसव से बच्चे में एचआइवी के वायरस आते हैं। अतः हमें इनका ध्यान रखना चाहिये।
विशेष अतिथि मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के अध्य्क्ष डॉ सुनील अग्रवाल ने कहा कि मृत्यु नामक बीमारी तो हर जीवन के साथ जुड़ी रहती है। फिर एचआईवी तो बहुत छोटी सी बीमारी है,इससे घबराना नहीं चाहिये।
एआरटी सेंटर की डॉक्टर भावना गोयल ने कहा कि एचआईवी पीड़ित को इसकी दवा कभी बंद नहीं करना चाहिये। दवा से यह बीमारी कंट्रोल में रहती है। कार्यक्रम की अद्यक्षता नर्सिंग कॉलेज की डीन विमला प्रसाद ने किया।
संचालन डॉ मधुबाला वर्मा ने किया। आभार मानव अधिकार आयोग मित्र व पीएलवी अंशुमान शर्मा ने प्रकट किया। कार्यक्रम में अहाना प्रोजेक्ट की प्रोजेक्ट ऑफिसर ज्योत्सना शर्मा, संकल्प विहान संस्था के प्रोग्राम मैनेजर जुगल शर्मा, पीएलवी हरप्रीत कौर,पीएलवी अर्चना शर्मा , विशाल राजावत,रेखा आदि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आए एचआईवी पीड़ितों को कंबल,स्वेटर, बैग वितरित किये गए।
एचआईवी पीड़ित बच्चों ने बनाए स्माइली फेस–
इस अवसर पर नर्सिंग छात्राओं ने एड्स जागृति को लेकर पोस्टर बनाए। साथ क्विज प्रतियोगिता में जवाब दिये। वहीं एचआइवी पीड़ित बच्चों ने स्माइली फेस बनाकर पुरुस्कार जीते।