डीआरडीई कैंपस के लिए भूमि देने के प्रस्ताव को लेकर सिंधिया ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र
ग्वालियर। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया डीआरडीई परिक्षेत्र के 200 मीटर के दायरे में आने वाले भवन स्वामियों के समर्थन में सामने आए हैं। सिंधिया ने आज मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने डीआरडीई को नए कैंपस के लिए महानगर से दूर निशुल्क जरूरी भूमि को मंजूरी दिए जाने का आग्रह किया है। सिंधिया ने अपने पत्र में सिटी सेंटर क्षैत्र की तुलना दिल्ली के कनॉट प्लेस से की है। साथ ही यहां मौजूद रिहायशी और व्यावसायिक परिक्षेत्र को महानगर का प्रमुख केंद्र बताया है। उन्होंने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री कमलनाथ से आग्रह किया है अगर रक्षा संकर्म अधिनियम 1903 के तहत वर्ष 2005 के बाद हुए निर्माण को हटाया गया तो करीबन नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक की हानि होगी, जिसकी भरपाई संभव नहीं हो पाएगी। उन्होंने रक्षा मंत्रालय भारत सरकार को डीआरडीई कैम्पस के निर्माण के लिए जरूरी 63 हेक्टयर निशुल्क भूमि की मंजूरी जल्द से जल्द देने की बात लिखी है। गौरतलब है कि विगत दिवस राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने एक पत्र जारी कर इस आशय की जानकारी दी थी कि रक्षा मंत्रालय में डीआरडीई को कहीं अन्यंत्र ले जाने से संबंधित कोई कार्यवाही नहीं की जा रही और ना ही रक्षा मंत्रालय की ऐसी कोई इच्छा है। इसके बाद उक्त भवन स्वामी सकते में आ गए थे जबकि ग्वालियर जिला प्रशासन 63 हेक्टेयर भूमि का चयन कर मंजूरी के लिए प्रस्ताव मध्यप्रदेश शासन को भेज चुका है। आपको बता दें कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने पिछले दिनों सिंधिया के नगरागमन पर उनसे मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया था, जिस पर उन्होंने भवन स्वामियों का समर्थन किये जाने का भरोसा दिया था।