कांग्रेसियों ने स्टेशन मास्टर को सौंपा आठ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन ....
ग्वालियर। ग्वालियर अंचल की रेल समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल आज स्टेशन मास्टर से मिला और आठ सूत्रीय मांगो को लेकर मुख्य महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह भदौरिया कर रहे थे। ग्यारह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से इटावा वाया ग्वालियर से लखनऊ एक इंटरसिटी ट्रेन शुरू किए जाने, भिंड से भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाये जाने की, ग्वालियर-श्योपुर नैरोगेज ट्रेक जो कि ब्रॉडगेज में बदलने के बाद उसका कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने, ग्वालियर से कानपुर एक पैसेंजर ट्रेन प्रारंभ किये जाने, प्लेटफार्म नंबर चार पर विंडो में कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोत्तरी करने, ग्वालियर वाया आगरा अहमदाबाद एक्सप्रेस के प्रतिदिन संचालन किए जाने, इटावा से इंदौर इंटरसिटी ट्रैन चलाए जाने, कोटा से वाया गुना, ग्वालियर, इटावा, कानपुर, इलाहाबाद से बनारस के लिए एक ट्रेन चलाये जाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शीतल अग्रवाल, पार्षद माठू यादव, प्रवक्ता अजीत गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष सौरभ तिवारी, आनंद अग्रवाल, महामंत्री दिलीप शर्मा, युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष अनिल बाथम, जिला सचिव अमन बाथम, एनएसयूआई के प्रदेश महामंत्री संकल्प गोस्वामी, प्रदेश सचिव योगेश कुशवाहा आदि शामिल रहे।