विदिशा की रिया कुशवाह की हत्या का मामला ; कुशवाह महापंचायत ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की
ग्वालियर। विदिशा में हुई रिया कुशवाहा की अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या का मामला तूल पकड़ रहा है। कुशवाहा महापंचायत मध्यप्रदेश ने आज कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की है अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो कुशवाहा समाज सड़क पर उतरकर विरोध करेगा। गौरतलब है कि 23 नवंबर को विदिशा के कुरवाई में रिया उर्फ रानी कुशवाहा का पहले अज्ञात बदमाशों ने अपहरण किया, उसके बाद दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को बेतवा नदी में फेंक दिया गया था। इसी से नाराज होकर आज नारेबाज़ी करते हुए कुशवाहा महापंचायत मध्यप्रदेश के करीब एक सैकड़ा लोग कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने पहुंचे। इस दौरान एसडीएम प्रदीप तोमर ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। कुशवाहा महापंचायत मध्यप्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष कांशीराम देहलवार ने विदिशा पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि 11 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुच पाई है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी है अगर 7 दिन में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतर कर विरोध जताएंगे। साथ ही मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा दी जाए। ज्ञापन देने वालों में श्री देहलवार के अलावा स्मृति कुशवाह, पूरन कुशवाह, माया कुशवाह, सुशीला कुशवाह, भूपेंद्र कुशवाह, संदीप कुशवाह, रामबाबू कुशवाह,श्यामसिंह कुशवाह, हरविलास कुशवाह, शिवप्रसाद कुशवाह, कमल कुशवाह, शिवपाल कुशवाह आदि शामिल रहे।