खुशियों की दास्तां : ज़री-ज़रदोजी का कार्य स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए बना आर्थिक संबल
ग्वालियर। महिलाओं में जरी की साड़ी का अपना आकर्षण होता है। जरी की साड़ियां बड़ी कीमत पर बेची और खरीदी जाती हैं। जरी की साड़ी का कार्य ग्राम पंचायत निरावली के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए खुशी का संदेशा लेकर आया है। स्व-सहायता समूह की महिलाएं दिन भर अपने घर के पास ही जरी-जरदोजी का कार्य कर 200 से 250 रूपए तक प्रतिदिन कमा रही हैं। इनके द्वारा तैयार की गई साड़ियों के विक्रय का प्रबंध भी जिला पंचायत द्वारा ग्वालियर में स्थित संभागीय हाट बाजार में किया गया है।
ग्वालियर जिले के घाटीगाँव विकासखण्ड की ग्राम पंचायत निरावली में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं आसिफ संस्थान के सहयोग से संचालित बसंत ग्राम संगठन के तीन स्व-सहायता समूहों द्वारा 15 महिला सदस्यों के माध्यम से हस्तकला एवं साड़ियों पर जरी-जरदोजी का कार्य प्रारंभ किया गया। समूह की 15 महिलायें अब ग्राम में ही हस्तकला एवं जरी-जरदोजी का कार्य कर प्रतिदिन 200 से 250 रूपए कमा रही हैं।
जिला पंचायत ग्वालियर के माध्यम से आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर उन्हें व्यवसाय स्थापित करने हेतु सहयोग प्रदान किया गया। समूह की महिलायें साड़ियों एवं महिला सूट पर जरी का कार्य कर उसको विक्रय का कार्य कर रही हैं। समूह द्वारा तैयार की गई सामग्री के विक्रय हेतु जिलापंचायत ग्वालियर द्वारा निर्मित संभागीय हाट बाजार में बाजार भी उपलब्ध कराया गया है।
मिशन के माध्यम से इन महिला समूहों के सदस्यों द्वारा तैयार की गई सामग्री को न केवल ग्वालियर में बल्कि प्रदेश के अन्य मेलों एवं संस्थानों में भी विक्रय की व्यवस्थायें की गई हैं। समूह की महिलायें अब अपने घर परिवार के कार्य करने के पश्चात साड़ियों और सूटों पर जरी-जरदोजी का कार्य कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सफल हुई है। स्व-सहायाता समूहों के माध्यम से जिले में अनेक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए गए हैं। जिसके सुखद परिणाम देखने को मिलते हें। निरावली ग्राम पंचायत समूह की 15 महिलायें अब गाँव की अन्य महिलाओं को भी अपने समूह में जोड़ने का कार्य कर रही हैं। महिलाओं की हस्तकला और जरी के कार्य से उनके परिवार को आर्थिक बल मिला है।