खिलाड़ियों को नौकरी में 5 प्रतिशत छूट दिए जाने का प्रावधान किया जा रहा है - जीतू पटवारी
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा व खेल मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है जो खिलाड़ी मेडल जीतते हैं उन्हें नौकरी मिल जाती है लेकिन कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो अपने जीवन के 10-15 साल खेल को देते है उनका योगदान किसी मेडल से कम नहीं है और ऐसे लोगों नौकरी में 5 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का प्रावधान किया जा रहा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री जीतू पटवारी आज आठ घण्टे के प्रवास पर ग्वालियर आये। इस दौरान उन्होंने श्रीमंत माधवराव सिंधिया कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक साल पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार सत्ता में आई और मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनता से किए कई वादे पूरे किए उन्होंने एक समृद्ध मध्यप्रदेश बनाया। उन्होने कहा कि सरकार बचे हुऐ 4 साल का कार्यकाल भी ताकत के साथ पूरा करेगी। साथ ही अगले पांच साल भी फिर से कांग्रेस की सरकार राज्य में बनेगी। मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि २०१४ में भाजपा की मोदी सरकार केन्द्र में आई, उसने दो करोड़ रोजगार से लेकर भ्रष्टाचार दूर करने किसानों की आय दोगुना करने आदि वादे किए। लेकिन अब क्या स्थिति है, अर्थव्यवस्था गिरी है और 2019 तक पुराने मुद्दे गायब हो गये। वहीं जातिवाद, पाकिस्तान जैसे मुद्दे पर जनता को भ्रमित करके मोदी फिर से सत्ता में आ गए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर मुद्दे पर असफल साबित हुई है। और अब कांग्रेस केन्द्र सरकार के मुददों को लेकर 14 दिसंबर को पूरे देश में गांव से लेकर जिला स्तर तक लोगों को जागृत करने की काम करेगी। महाराष्ट्र के मुद्दे पर मंत्री पटवारी ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने वैसे तो भाजपा-शिवसेना को सरकार बनाने के लिए समर्थन दिया था और कांग्रेस को विपक्ष में बैठने का, लेकिन दोनों के आपस के झगड़े में भाजपा-शिवसेना की सरकार नहीं बन पाई। इसलिए कांग्रेस ने महाराष्ट्र की जनता के हित में समान विचारधारा का ना होने के बाद भी शिवसेना का समर्थन देना तय किया। महाराष्ट्र में सरकार बन पाती, इसके लिए भाजपा ने नियमों को दरकिनार करते हुए रातोंरात अपने मुख्यमंत्री को शपथ दिला दी। भाजपा ने ऐसा ही गोवा, कर्नाटक और बिहार में भी किया था। मंत्री पटवारी ने कहा कि भाजपा को सत्ता की हवस है और इसी के चलते उसने यह काम किया, लेकिन जनता सब देख रही है। उच्च शिक्षा मंत्री पटवारी ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए पहले फेज में 200 कॉलेजों को लिया हैए इन कॉलेज में स्मार्ट क्लास से लेकर सब कुछ ऐसा होगा, जिसकी आज के विद्यार्थियों को जरूरत है। सरकार ने हर कॉलेज का मास्टर प्लान तैयार किया है, इसमें कॉलेज की जमीन का अतिक्रमण, स्पोटर्स, टीचर, लेबोरेटरी, लाइब्रेरी सहित सभी मुद्दों पर प्लान बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि एक हफ्ते में चयनित अस्सिटेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति का काम शुरू हो जाएगाए जिससे कॉलेजों में टीचरों की कमी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास है कि रोजगार से जुड़ी शिक्षा दी जाए, क्योंकि सरकारी नौकरी केवल पांच-छह प्रतिशत लोगों को ही मिल सकती है। बाजार और निजी कंपनियों को किस प्रकार का मानव संसाधन चाहिए, उसके अध्ययन के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने एक कमेटी बनाई है, जिसमें सुधार के 50 पाइंट शामिल किए गए हैं। पटवारी ने यह भी कहा कि राज्य में जो खिलाड़ी मेडल जीतते हैं उन्हें तो नौकरी मिल जाती है, लेकिन कई खिलाड़ी जो अपने जीवन के 10-15 साल खेल को देते हैं, उनका योगदान भी किसी मेडल से कम नहीं है। ऐसे लोगों को नौकरी में 5 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान किया जा रहा है। यही नहीं, उनके योगदान को डिग्री या डिप्लोमा जैसा कोई प्रमाणपत्र देने का काम हो, इस पर भी खेल विभाग विचार कर रहा है। पत्रकार वार्ता में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, प्रवक्ता आंनद शर्मा व धर्मेंद्र शर्मा भी उपस्थित थे।