अयोध्या में ताला राजीव गांधी ने खुलवाया था ....

नई दिल्ली/ग्वालियर। अयोध्या विवाद पर फैसला भारत के लिए बड़ा सामाजिक और राजनीतिक महत्व रखता है।फैसला आने के बाद सियासी निहितार्थ भी निकाले जाने लगे हैं। मौजूदा राजनीति में हावी भाजपा  ने जिस समय इस मुद्दे को पकड़ा था, तब उसकी स्थिति आज की कांग्रेस से भी कहीं ज्यादा कमजोर थी। 2019 में 303 सीटें जीतकर सत्ता में आई भाजपा को कुल 37 फीसदी वोट मिले, जबकि 2014 में यह आंकड़ा 31 फीसदी का था।यह इसलिए भी अहम है क्योंकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को उसके मुकाबले आधे यानी 19 फीसदी वोट ही मिले हैं|अगर 35 साल पहले की तस्वीर देखें तो बिलकुल उलट थी।1984 के आम चुनाव में कांग्रेस को 404 लोकसभा सीटें मिली थीं और 49 फीसदी वोटों के साथ राजीव गांधी प्रथानमंत्री बने थे। दूसरी तरफ बीजेपी को महज 8 पर्सेंट वोट ही मिले और सिर्फ दो सीटें ही पार्टी जीत सकी थी। मीडिया रिपोट के मुताबिक तब से अब तक भारत की राजनीति में बड़ा वैचारिक बदलाव भी देखने को मिला है। समाजशास्त्रियों और नौकरशाहों का मानना है कि 1980 के दशक के अंत में शुरू हुए राजन्मभूमि आंदोलन ने देश में दक्षिणपंथी विचारधारा को मुख्यधारा में लाने का काम किया। रिपोट के अनुसार अपनी किताब ‘माय इयर्स विद राजीव ऐंड सोनिया’ में पूर्व गृह सचिव आर.डी. प्रधान लिखते हैं कि उस दौर तक राजीव गांधी अन्य आम नेताओं के मुकाबले कहीं तेजी से आगे बढ़े थे। उन्होंने साबित किया था कि वह बोल्ड फैसले ले सकते हैं। लेकिन वह राजनीतिक जटिलताओं में फंसते चले गए।तत्कालीन प्रथानमंत्री राजीव गांधी शायद यह साबित करना चाहते थे कि उन्हें जितना मुस्लिमों की भावनाओं का ख्याल है, उतना ही हिंदुओं का भी। फरवरी 1986 में उन्होंने बाबरी मस्जिद के विवादित परिसर का ताला खोलने का आदेश दिया ताकि हिंदू समाज के लोग उसमें पूजा कर सकें।लेकिन कांग्रेस का दांव उल्टा पडा| जबकि भाजपा पूरे मंदिर आंदोलन को अपनी धारा में साध चुकी थी| उधर इस आंदोलन को तेज करते हुए वीएचपी, आरएसएस और बीजेपी ने देशभर से राम शिला, ईंटें मंगानी शुरू कर दी। गांव-गांव से इन्हें पूजकर अयोध्या भेजा जाने लगा। इन ईंटों को लेकर कहा गया था कि इन्हें अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में लगाया जाएगा। तमाम लोगों का यह भी मानना है कि 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित रामायण सीरियल ने भी हिंदुओं तक पहुंच बढ़ाने में योगदान दिया। इसके अलावा लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा ने इसे नई ऊंचाई पर ले जाने का काम किया। जानकारों की मानें तो भाजपा के लिए एक बार फिर फायदे की जमीन तैयार होती नज़र आ रही है। भाजपा इसी मुद्दे के भरोसे शून्य से शिखर तक पहुंची और केंद्र व उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज हुई। यह बात दीगर है कि वक्त के साथ उसके एजेंडे में राममंदिर मुद्दा मुखर रूप से शामिल नहीं रहा लेकिन संघ व उसके आनुषंगिक संगठन इसे जरूर मुद्दा बनाए रहे और पार्टी इसे पर सधी रणनीति अपनाए रही। गौरतलब बात तो यह है कि ठीक 30 साल पहले 9 नवंबर 1989 को कांग्रेस ने अयोध्या में शिलान्यास कराया था और केंद्र की तत्कालीन राजीव गांधी सरकार का यह फैसला यूपी में कांग्रेस की विदाई का सबब बना। पूरे 30 साल से पार्टी देश के सबसे बड़े राज्य में हाशिए पर है और मौजूदा समय में भी चौथे नंबर की पार्टी है। इस प्रकरण में लगातार घाटे में रही कांग्रेस को फैसले से उम्मीद नज़र आ रही है कि अनुच्छेद – 370 के बाद अब राममंदिर मुद्दा भी भाजपा की झोली से दूर हो जाएगा। भावनाओं के ज्वार में सियासी लाभ उठाने की पहले जैसी कोशिशें परवान नहीं चढ़ पाएंगी और स्थानीय मुद्दों के साथ रोजगार जैसे मुद्दे प्रभावी होंगे। ( साभार: मीडिया रिपोर्ट्स )