बकाया बिजली बिलों की रिकवरी के लिए एक्शन प्लान तैयार - मंत्री प्रियव्रत सिंह
ग्वालियर। अंचल में बिजली सप्लाई की समीक्षा करने पहुंचे प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि लंबे समय से बकाया बिजली बिलों की रिकवरी के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा, खुद के घर से शुरुआत करेंगे, शासकीय संपत्ति पर बकाया बिलों की वसूली पहले की जाएगी। साथ ही औद्योगिक इकाइयां राज्य के राजस्व का एक बड़ा स्त्रोत है और उन पर बकाया विद्युत राशि की समीक्षा कर वसूली प्रक्रिया की दिशा में कार्यवाही की जाएंगी। ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग ट्रिपिंग को लेकर यूँ ही चिल्लाते हैं, पब्लिक डोमेन में सही आंकड़े हैं। शिवराज सरकार के समय संबल योजना में लाभ देने के आंकड़े से तीस हजार ज्यादा लोगों को हमने लाभ पहुंचाया है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह रविवार शाम शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे। ऊर्जा मंत्री सोमवार को ग्वालियर में जारी अघोषित बिजली कटौती की मिल रहीं शिकायतों के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान बिजली कंपनी के सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही चेंबर ऑफ कॉमर्स में व्यापारियों और पार्षदों के अलावा शहर के गणमान्य लोगों से भी मुलाकात करेंगे। दोपहर बाद कांग्रेस विधायकों और प्रदेश के मंत्रीयों के साथ बैठक में मौजूद रहेंगे।