मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में किसान और कृषि क्षेत्र हैं - केंद्रीय मंत्री तोमर
ग्वालियर। झांसी स्थित रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को दलहन की फसलों पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। इस राष्ट्रीय कार्यशाला में देशभर से डेढ़ सौ से अधिक कृषि वैज्ञानिकों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया कार्यक्रम में सांसद श्री अनुराग शर्मा, विधायक श्री रवि शर्मा एवं श्री राजपूत विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉक्टर पंजाब सिंह, केंद्र से आए कृषि सचिव रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अरविंद कुमार सहित जाने-माने कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने चने के रोग और उसके निदान कृषि जीवन एग्रो लाइफ और चना उत्पादन संबंधी पुस्तकों का भी विमोचन किया। पोषण सुरक्षा हेतु आहार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा केंद्र की मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में किसान और कृषि क्षेत्र हैं किसानों की आय कैसे दोगुनी हो इस पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है इस मौके पर उन्होंने हाल ही में समर्थन मूल्य बढ़ाने की जानकारी भी दी। वहीं उन्होंने बताया कि सरकार ने किसान फसल बीमा योजना को लागू किया है जो किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया इस योजना की खामियों को भी दूर कर दिया गया है। उन्होंने कहा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए मोदी सरकार ने किसानों को 6 हजार रूपए देने की योजना शुरूआत की है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा दलहन के क्षेत्र में हमारे किसानों और वैज्ञानिकों ने बेहतर काम किया है और आज हम इस क्षेत्र में बेहतर स्थिति में हैं, लेकिन यह स्थिति बनी रहे इसके लिए लगातार कार्य करते रहना जरूरी है।
इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रानी लक्ष्मी बाई कृषि विश्वविद्यालय में नवीन महिला छात्रावास का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
इस मौके पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रोफेसर राव पूर्व कुलपति डॉक्टर तोमर कृषि वैज्ञानिक डॉ त्रिलोचन सिंह भी उपस्थित रहे।