सोशल मीडिया के जरिये अब कांग्रेसियों को एकजुट करने का प्रयास, 'कांग्रेस के सिपाही' नामक निष्ठावान कार्यकर्ताओं का समूह बनाने चंदू भैया ने सुझाया नाम

ग्वालियर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रमोहन नागौरी, चंदू भैया ने सोशल मीडिया के जरिये बिखर चुके निष्ठावान कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में पिरोने की मुहिम शुरू की है। उन्होंने इसे नाम दिया है 'कांग्रेस के सिपाही'। उन्होंने फेसबुक पर एक आलेख पोस्ट किया है, जिसमें ना सिर्फ वर्तमान कांग्रेस की दुर्दशा की वजह बताई है बल्कि कांग्रेसियों को एकजुट करने के लिए 'कांग्रेस के सिपाही' नामक एक समूह के गठन का नाम भी सुझाया है। साथ ही अपने फेसबुक मित्रों से संदेश उचित समझे जाने पर उसे फॉरवर्ड करने की अपील की है। खास बात ये है कि उनके इस प्रयास को लोगों का जबरदस्त समर्थन भी मिल रहा है, कांग्रेसी कमेंट बॉक्स में अपना नाम और नंबर लिखकर उनसे सहमति जता रहे हैं। आप भी जानें, आखिर इस फेसबुक पोस्ट में कांग्रेस नेता श्री नागौरी ने क्या लिखा है। "एक अंग्रेज ने 1885 में कांग्रेस का गठन किया लेकिन गांधी जी ने उसे प्रबल जनआंदोलन में बदल दिया ।अंतिम पंक्ति के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्पण और गांधी जी के प्रभावशाली नेतृत्व ने देश को आजाद करवाकर ही दम लिया ।यही गौरवशाली पार्टी आज अपने इतिहास के कठिनतम दौर से गुजर रही है । मुझे लगता है कि इसकी यह हालत अपने शक्तिपुंज यानि अपने सामान्य कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा के कारण हुई है ।आज आम कार्यकर्ता की पूछ परख सिर्फ चुनाव में रहती है उसके बाद उसे अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है । कांग्रेस को मजबूत करना है तो उसके हर कार्यकर्ता को मजबूत करना ही पड़ेगा ।नेताओं से अपेक्षा किए बिना हम सब कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर एक-दूसरे को मजबूत करना होगा ताकि प्रकारांत में हम अपनी मातृसंस्था कांग्रेस को मजबूत कर पाएं । मेरा आशय कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को एक समूह में जोड़ने का है जो परस्पर एक-दूसरे की ताकत बनें ।कोई कार्यकर्ता अपने को अकेला न पाये और किसी भी परिस्थिति में यह सम्मिलित शक्ति उसकी ताकत बने। यह समूह किसी की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा की पूर्ति का जरिया न बन पाये इसलिए इसमें कोई अध्यक्ष या प्रधान नहीं होगा न हीं कोई पदाधिकारी ।प्रत्येक साथी के अधिकार और कर्तव्य भी बराबर होंगे ।सभी को सम्मिलित रूप से अध्यक्ष मंडल का सदस्य समझा जावेगा । मैं इस समूह को "कांग्रेस के सिपाही "का नाम देना प्रस्तावित करता हूं । आप यदि मेरे विचारों से सहमत हों और समूह से जुड़ना चाहें तो कृपया अपना मोबाइल नम्बर देकर अपनी सहमति प्रदान करें ।सम्मानजनक संख्या में साथी हो जानें पर हमसब साथ बैठकर समूह की आवश्यकता, उद्देश्य व कार्यप्रणाली पर चर्चा कर इसे मूर्त रूप प्रदान करेंगे। इस संदेश को यदि उचित समझें तो फॉरवर्ड कर सकते हैं।"( साभार - फेसबुक पोस्ट चंद्रमोहन नागौरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता )