MPCA में सिंधिया गुट का कब्जा बरकरार, खांडेकर निर्विरोध अध्यक्ष, संजीव राव सचिव चुने गए

इंदौर/ग्वालियर। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन पर पुनः ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट का कब्जा हो गया है। अभिलाष खांडेकर MPCA के नए अध्यक्ष और संजीव राव नए सचिव होंगे। यहां बता दें कि MPCA में अध्यक्ष सहित अधिकांश बड़े पदों पर सत्ताधारी सिंधिया गुट का कब्जा हो गया था। क्योंकि इन पदों पर कोई दूसरा उम्मीदवार ही नहीं खड़ा हुआ था। हालांकि सचिव पद पर चुनाव हुआ और बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में सिंधिया गुट के संजीव राव ने बाज़ी मार ली। इस पद के लिए हुए चुनाव में संजीव राव ने कैलाश विजयवर्गीय गुट के अमिताभ विजयवर्गीय को 17 वोटों से हराया। वहीं पवन जैन कोषाध्यक्ष बने। एमपीसीए में 19 में से 14 पदों पर सिंगल दावेदार होने से निर्विरोध निर्वाचन होना तय हो गया था। शेष 5 पदों के लिए 9 दावेदार मैदान में थे। सचिव के अलावा कोषाध्यक्ष पद के लिए सत्ताधारी पैनल के पवन जैन के सामने प्रेम पटेल प्रतिद्वंद्वी थे। जबकि क्रिकेट समिति के 3 पदों के लिए प्रशांत द्विवेदी, मुर्तजा अली और योगेश गोलवलकर निर्वाचित हुए हैं।