महाराजा अग्रसेन चल समारोह आज निकलेगा

ग्वालियर।अग्रवाल नवयुवक संघ लश्कर के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष में रविवार 29 सितंबर को सुबह प्रभातफेरी और शाम को विशाल चल समारोह निकाला जाएगा। कार्यक्रम संयोजक ओमप्रकाश अग्रवाल लल्ला, अध्यक्ष मनोज गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सिंघल, विजय गोयल, अशोक गर्ग ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रसेन जयंती पर 29 सितंबर को सायं 5 बजे भगवान अग्रसेन जी के छाया चित्र की भव्य शोभायात्रा अग्रसेन उद्यान दौलतगंज से शुरू होकर महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गस्त का ताजिया, राम मंदिर, पुराना हाईकोर्ट, दाल बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर बाजार होते हुए अग्रसेन उद्यान पर पहुंचेगा। वहां महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का समापन होगा। इसके पहले सुबह 6 बजे प्रभातफेरी शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी। प्रभात फेरी एवं शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। शोभा यात्रा में कई तरह की आकर्षक धार्मिक झांकियां भी रहेंगी।30 सितंबर को अग्रसेन पार्क पर महिलाओं एवं बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।